भाजपा के पूर्व पदाधिकारी ने थामा कांग्रेस का हाथ, कैबिनेट मंत्री ने तिरंगा गमछा पहनाकर किया स्वागत
कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ बोड़ला पश्चिम भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष अक्कल सिंह तिलगाम, निवासी झलमला ने कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास व्यक्त करते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री व कवर्धा के विधायक मोहम्मद अकबर ने तिरंगा गमछा पहनाकर उन्हें कांग्रेस की सदस्यता प्रदान की। अक्कल सिंह तिलगाम राजधानी रायपुर स्थित कैबिनेट मंत्री के शासकीय निवास कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने मंत्री मोहम्मद अकबर को कांग्रेस प्रवेश करने की अपनी इच्छा से अवगत कराया। मंत्री ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता प्रदान करने में अपनी सहमति प्रदान कर दी। कैबिनेट मंत्री ने उनसे कहा कि कांग्रेस पार्टी आमजन की पार्टी है। पार्टी लोगों की सेवा के लिए कार्य करने में विश्वास करती है। इसे देखते हुए वे अधिकाधिक लोगों की सेवा का लक्ष्य बनाकर कार्य करे।
इस अवसर पर बोड़ला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रभाती मरकाम, झलमला के सरपंच अमृत लाल धुर्वे, नरेन्द्र दास मानिकपुरी, डाक्टर तिलकराम राणा, कबीरधाम जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नेतराम जंघेल, वरिष्ठ कांग्रेसी पुनक झारिया आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

