कलेक्टर ने किया निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रायपुर शहर में लोगों की सुविधाओं के लिए स्वीकृत किए गए रेल्वे ओवरब्रिज और अंडरपासों के अधुरे कामों को पूरा करने पर भी कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर भुरे गंभीर दिखे। उन्होंने शुक्रवार को रिमझिम बरसात के बीच तेलघानी नाका आर.ओ.बी, गोगांव रेल्वे पास और वाल्टेयर फाटक अंडरब्रिज के कामों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर भुरे ने निर्माणाधीन तेलघानी नाका रेल्वे ओवर ब्रिज के नीचे गूढ़यारी की ओर से राठौर चौक तक पैदल चलकर कामों का निरीक्षण किया और अधिकारियों तथा ठेकेदार को काम तेज करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आगामी दिसम्बर माह तक ब्रिज से आवागमन शुरू करने को लक्ष्य बनाकर काम करने को कहा।
कलेक्टर डॉ भुरे ने निर्माणाधीन गोगाँव रेल्वे अंडरब्रिज पहुंचकर गुढ़ियारी की ओर चल रहे ब्रिज के कामों का रिमझिम बारिश में निरीक्षण किया और अधिकारियों तथा ठेकेदार को लेबर बढ़ाकर काम तेज करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आगामी दिसम्बर माह तक अंडरब्रिज का काम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित कर पूरी गुणवत्ता से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने वाल्टेयर रेल्वे लाइन पर डी आर एम कार्यालय के पास बन रहे अंडरपास के कार्याे का निरीक्षण किया। उन्होंने कामों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए ।इस अंडर पास के बन जाने से वाल्टेयर लाइन फाटक पर आवागमन का दबाब कम होगा और लोगो को फाटक बंद होने पर लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी।

