विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर रासेयो स्वयंसेवकों ने निकाली सायकल रैली
स्वास्थ्य रक्षा और धरती को प्रदुषण मुक्त रखने का दिया संदेश
रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। साइकिल दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना जिला रायगढ़ के स्वयंसेवकों द्वारा रायगढ़ नगर में प्रातः 7 बजे कमला नेहरू उद्यान से साइकिल रैली निकालकर हेमू कालाणी चौक, केलो पुल, गोपी टॉकीज रोड, रामनिवास टाकीज चौक से न्युमार्केट होकर सुभाष चौक से गद्दी चौक एवं घड़ी चौक होते हुए बेटी बचाओ बेटी -पढ़ाओ चौक होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने गांधी चौक तक पहुंच कर लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण तैयार करने हेतु संदेश दिया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा फिटनेस का डोज-आधा घंटा रोज, हम सबने ठाना है- प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाना है, प्राकृतिक संशाधन बचाना है इत्यादि पर्यावरण संरक्षण का नारा लगाते हुए रायगढ़ नगर के विभिन्न मार्गों में सायकल से भ्रमण किया।
सायकल रैली में छात्र-छात्राओं के साथ शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक एवं पी.डी. कॉमर्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार एक्का, राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक भोजराम पटेल, कॉमर्स कॉलेज के कार्यक्रम अधिकारी ताम्रध्वज साय पैकरा, तथा तमनार महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी कमल यशवंत सिन्हा सहित केएमटी गर्ल्स कालेज, केजी कॉलेज रायगढ़ पीडी कॉमर्स कॉलेज एवं उत्तम मेमोरियल कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवकों की भागीदारी रही । वहीं इस रैली में स्वयं सेवकों के साथ रायगढ़ से इंडियन नेवी में नियुक्त सब लेफ्टिनेंट मनीष पटेल भी सायकल चलाते हुए देखे गए । एनएसएस वॉलिंटियर्स का उत्साहवर्धन करते हुए रायगढ़ के सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता मारवाड़ी पंचायती धर्मशाला के सचिव गोपाल अग्रवाल द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ चौक में सभी स्वयंसेवकों को रैली समापन पश्चात चाय स्वल्पाहार एवं शीतल पेयजल के साथ स्वागत किया गया । एनएसएस के स्वयंसेवकों ने साइकिल रैली के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के संदेश को रायगढ़ के जनता ने भी खुब समर्थन दिया । रायगढ़ जिला के अन्य स्थान सरिया सरिया धर्मजयगढ़ घरघोड़ा तमनार सारंगढ़ बरमकेला से भी साइकिल रैली निकालकर एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं पेट्रोल डीजल बचाने प्रदूषण दूर भगाने का संदेश दिए जाने की जानकारी राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक भोजराम पटेल द्वारा दी गई है ।
सायकल रैली में इन स्वयं सेवकों की सही सहभागिता ..
सायकल रैली में किशोरी मोहन त्रिपाठी कन्या महाविद्यालय से कु.निधि सिंह, कु.मुस्कान कर्ष, कु.खुशबू साहू, कु.दीपिका चक्रधारी, शासकीय पालूराम धनानिया वाणिज्य एवं कला महाविद्यालय रायगढ़ से मनोज साव संजीव साव नंदु किसान, कैफ खान, आकाश सिंह शेखर आदित्य रामरतन साहू विधि सोनवाने आशिया उस्मानी अंजली देवांगन किरोड़ीमल शासकीय विज्ञान एवं कला महाविद्यालय रायगढ़ से मिलन प्रधान,उत्तम मेमोरियल कॉलेज रायगढ़ से आलोक रंजन दुबे अंकित तिवारी आदि शामिल थे।

