छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने किया आश्रम, स्कूल व कॉलेज का आकस्मिक निरीक्षण

 कांकेर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर शुक्ला आज दुर्गूकोंदल विकासखंड के स्कूलों तथा कॉलेज का आकस्मिक निरीक्षण किया तथा प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए बनाये गये मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता परखने भोजन को चखकर भी देखा।

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय दुर्गूकोंदल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राओं से चर्चा की, उन्हें प्रसन्न मन से पढ़ाई करने के लिए समझाईश देते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के पदों पर चयनित होने के लिए प्रोत्साहित किया। गत दिवस हुई पढ़ाई की अनिवार्य रूप से रिविजन करने की समझाईश भी दी गई। सभी बच्चों से पढ़ाई के विषय में जानकारी लिया तथा कक्षा शिक्षक से प्रतिदिन एक घण्टा अतिरिक्त कक्षा लेने व प्रत्येक शनिवार को गणित विषय की साप्ताहिक परीक्षा लेने और प्रति सोमवार को गत सप्ताह की पढ़ाई के संबंध में प्रश्न पूछकर बच्चों को पेन आदि भेंटकर प्रोत्साहित किए जाने के निर्देश प्राचार्य को दिए। कक्षा 10वीं की छात्रा प्राची की ओर से जैवभार पिरामिड का ब्लैकबोर्ड पर अच्छा विशलेषण किया गया।

 

कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला की ओर से माध्यमिक शाला व आदर्श कन्या आश्रम चेमल का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रसोई कक्ष और विद्यार्थियों के लिए बनाये गये मध्यान्ह भोजन का अवलोकन किया गया तथा भोजन की गुणवत्ता  परखने चखकर भी देखा व निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को भोजन परोसने के निर्देश आश्रम अधीक्षक को दिये। आश्रम अधीक्षिका चन्द्रिका सहारे ने बताया कि कन्या आश्रम में 42 छात्राएं हैं तथा सुरक्षा गार्ड भी पदस्थ है। कलेक्टर ने बच्चों के कंघी को नियमित रूप से बदलने के लिए आश्रम अधीक्षिका को निर्देशित करते हुए आश्रम के गार्डन की प्रशंसा किया।  

 

कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला ने कंगलू कुम्हार शासकीय महाविद्यालय दुर्गूकोंलद का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। महाविद्यालय में परिसर के टाईल्स टूटे हुए पाए गए, शौचालयों की स्थिति भी खराब पाई गई, जिसे तत्काल सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग के उप अभियंता तथा पेयजल समस्या के समाधान के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया। इस महाविद्यालय का एक सप्ताह के बाद पुन: निरीक्षण करने के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल व एसडीएम भानुप्रतापपुर मनीष साहू को कलेक्टर की ओर से निर्देश दिये गये, साथ ही महाविद्यालय में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए प्राचार्य बीएल बढ़ई को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष कैलाश राणा भी उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image