मुख्यमंत्री ने जिले के 15 हजार 553 किसानों के खाते में 20 करोड़ 59 लाख 72 हजार राशि किया अंतरित
बीजापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने रायपुर स्थित निवास में आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत् बीजापुर जिले के 15 हजार 553 किसानों के बैंक खाते में द्वितीय किश्त की राशि 20 करोड़ 59 लाख 72 हजार रुपए का अंतरण किया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री बघेल की ओर से किसानों को यह राशि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत खरीफ वर्ष 2021 के लिए आदान सहायता की द्वितीय किश्त के रूप में प्रदाय की गई है। इसके साथ ही आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओरसे गोधन न्याय योजना के तहत गोबर विक्रय करने वाले जिले के पशुपालक किसानों को 2 लाख 10 हजार रुपए की राशि भी उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। जिला कार्यालय बीजापुर के एनआईसी कक्ष में सीईओ जिला पंचायत रवि कुमार साहू, सहायक संचालक कृषि सत्यजीत कवर सहित जिले के किसानों ने उक्त कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़ कर अपनी सहभागिता दी। सीईओ जिला पंचायत रवि कुमार साहू ने उपस्थित किसानों को छत्तीसगढ़ शासन के कृषि आधारित महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी।

