सीएम हाउस घेराव के दौरान कार्यकर्ताओं-पुलिस में झड़प, कई पुलिस कर्मी घायल, 450 से ज्यादा गिरफ्तार....
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बेरोजगारी के खिलाफ आज भाजयुमो का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा है, राजधानी की सड़कों पर बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने आज जमकर बवाल मचाया। भाजयुमो ने अपनी मांगो को लेकर 24 अगस्त को मुख्यमंत्री निवास घेराव का आह्वान किया था। इसके लिए प्रशासन/पुलिस ने 3 स्थानों में बेरिकेटिंग की थी। इस प्रदर्शन में लगभग 8000 से 9000 की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम पश्चात् जब रैली निकाली गई तब भारतीय जनता पार्टी/भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने बैरिकेट्स को तोड़ा दिया। कई स्थानो में कानून व्यवस्था ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों के साथ झूमा-झटकी की गई, इसमें कुछ पुलिस वालों को मामूली चोटें आयीं और कुछ को गंभीर। लगभग 450 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर केन्द्रीय जेल ले जाया गया है। झूमाझटकी के दौरान तेलीबांधा टीआई भावेश गौतम भी गंभीर रुप से घायल हो गए।
इसी दौरान भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कालीबाड़ी माता मंदिर का बेरिकेड को अपने साथियों के साथ मिलकर तोड़ा जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दे कि नगर निगम मुख्यालय के नजदीक से सभा के बाद रैली की शक्ल में सीएम हाउस घेरने निकले कार्यकर्ताओं ने महिला थाना समेत दो जगहों के बेरीकेड तोड़ दिए, जिसके बार कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर झूमा झटकी हुई। भाजपा ने दावा किया है कि पूरे प्रदेश से आज एक लाख कार्यकर्ता राजधानी में एकत्रित हुए हैं, सुरक्षा के मद्दे नजर प्रदेश भर से पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है।
बता दें कि रायपुर में बेरोजगारी को लेकर भाजयुमो का प्रदर्शन लगातार चल रहा है, भाजपा के तमाम दिग्गजों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे पहले सभा के दौरान नेताओं ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि जब से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आई है, ये मफियागढ़ बन गया है। बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन एक भी वादा सरकार ने पूरा नहीं किया है। सरकार ने लोगों को सिर्फ ठगा है। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में कोई पूछेगा कि सबसे बड़ा लबरा कौन है तो ये एक ही नाम आएगा।
उन्होने कहा कि 45 महीने बीत गए, युवाओं का 12 हजार करोड़ रुपये का कर्ज भूपेश सरकार लग रही है, नौकरी की पोल तो विधानसभा में खुल गई है, दस लाख नौकरियां देने की बात सरकार ने कही थी, लेकिन युवाओं को ठग दिया है इस सरकार ने। उन्होंने कहा कि 28 अप्रैल 2002 के युवा मोर्चा के आंदोलन के बाद 15 साल बीजेपी की सरकार रही। आज इस आंदोलन के बाद राज्य में तीस साल तक बीजेपी की सरकार रहेगी। इस दौरान भाजपा ने मंच से नारा दिया- 'फिर एक बार भाजपा सरकार।'

