एनएसयूआई का रेल रोको आंदोलन फुस्स
▪️ कांग्रेस के दूसरे संगठनों सहित आम जनता ने दूरी बनाकर रखी
रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला एनएसयूआई के बैनर तले आज रायगढ़ में रेल रोको आंदोलन का आह्वान किया गया था। बताया जा रहा है कि उक्त आंदोलन की सूचना एनएसयूआई के द्वारा आरपीएफ बल रायगढ़ एवं डीआरएम बिलासपुर को दे दी गई थी। जिसको लेकर आरपीएफ बल, जीआरपी पुलिस, जिला पुलिस बल के लगभग 100 अधिकारी, जवान किसी भी तरह की परिस्थिति से निपटने के लिए लैस होकर प्लेटफार्म पर मौजूद थे। रेलवे प्रशासन पुलिस प्रशासन एवं आम जनता को यह उम्मीद थी कि उक्त आंदोलन व्यापक होकर उग्र हो सकता है। लेकिन एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस के उंगलियों पर गिने जाने वाले लोगों को उपस्थित देखकर मौके पर उपस्थित रेलवे सुरक्षा बल, पुलिस प्रशासन बल एवं रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी मंद-मंद मुस्कुराते हुए एवं उपहास उड़ाते हुए सरीखे नजर आए। जब आंदोलनकारी आंदोलन कर रहे थे, तो रेल पटरियों पर धड़धड़ाती हुई मालवाहक गाड़ियां दौड़ रही थी। इस आंदोलन के कारण ट्रेनों की चालें सेकंड भर भी प्रभावित नहीं हुई। पुलिस बल की पर्याप्त मौजूदगी, मौसम में भरी उमस, गर्म रेल पटरियों की वजह से आंदोलन करने आए कांग्रेसी समाचार एजेंसियों को बाइट देते समय भी अपने पसीने पोछते नजर आए। उनके दिलों में एक अनजान सी दहशत भरी हुई थी, जो चेहरों से स्पष्ट झलक रही थी।आम जनता तो आम जनता कांग्रेस पार्टी को भी इस आंदोलन से कोई सरोकार नहीं रहा। इस आंदोलन को देखकर यह नहीं लगा कि सत्तारूढ़ प्रदेश सरकार के पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा कोई धरना आंदोलन किया जा रहा है।

