हमारी सरकार ने किसान-संग्राहकों की जेब में पैसा डालने का काम किया, इसे रेवड़ी कहना अपमान : भूपेश बघेल
पहली बार मिला छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति का अनावरण करने का मौका
मोहला (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ में 29वें जिले के रूप में मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने कहा, आज 106 करोड़ रुपए का भूमिपूजन लोकार्पण किया हूं। विशेष बात यह है कि पहली बार छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति का अनावरण करने का मौका मिला।
हमारी सरकार बनने पर वित्त विभाग ने बड़े आंकड़े पेश किए थे, हमने सभी किसानों का कर्ज माफ किया। छत्तीसगढ़ में विकास की अवधारणा में व्यक्ति को केंद्र में रखा। हमारी सरकार में हम किसान और संग्राहकों की जेब में पैसे डालने का काम कर रहे हैं। हमने बिजली बिल आधा किया है और कुछ लोग इसे रेवड़ी कहते हैं ये किसानों, संग्राहकों और आम जनता का अपमान है। आज राज्य में हर कोई खुशहाल है, हर किसी को सुविधा और सम्मान के साथ सर ऊंचा करके जीने का अधिकार मिलना चाहिए।
किसानों के बच्चे भी अंग्रेजी स्कूल में पढ़ रहे हैं। हमारी सरकार में हम 279 स्कूल खोल चुके हैं, अगले साल तक 427 स्कूल खुल जाएंगे। हम छत्तीसगढ़ की संस्कृति को बढ़ाने का काम कर रहे हैं, स्थानीय पर्व में भी छुट्टी दी गई है। प्रशासन जितना नजदीक रहेगा, लोगों को उतना ही ज्यादा लाभ मिलेगा।

