जनचौपाल के दौरान सुनी गई आम नागरिकों की समस्याएं, प्राप्त हुए 48 आवेदन
बेमेतरा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। संयुक्त जिला कार्यालय कलेक्टोरेट परिसर में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित आम जनता से साप्ताहिक भेंट मुलाकात कार्यक्रम जनचौपाल के दौरान कलेक्टर जितेन्द्र कुमार शुक्ला के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ लीना कमलेश मंडावी ने आज जिले के विभिन्न गांवों से आये आम नागरिकों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टोरेट के दृष्टि-सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनचौपाल के दौरान बेमेतरा जिले के विभिन्न गांवों से आये आम नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित 48 आवेदन प्रस्तुत किये। ग्राम पंचायत कारेसरा वि.ख. साजा के सरपंच राम अवतार साहू ने स्कूल में शिक्षकों की व्यवस्था करने, ग्राम डंगनिया (तह-थानखम्हरिया) के ग्रामीण लोमहत, दयाराम निर्मलकर, डुलेश पटेल, मदन लाल व रोहित पटेल ने ट्रांसफार्मर लगाने, साजा के अशोक सिन्हा ने अशोक किराया भंडार का कोरोना महामारी के समय टीकाकरण में लगे टेंट की राशि भुगतान करने के संबंध में आवेदन दिया। उनका पत्र आवश्यक कार्यवाही के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी न.पं. साजा को प्रेषित किया गया है। ग्राम पतोरा पोस्ट कारेसरा निवासी चितरेन साहू ने तालाब के 10 वर्षीय पट्टे पर लीज में देने आवेदन दिया। पुन्ना लाल आत्मज गडरु कुम्हार ग्राम मरतरा ने मिट्टी के लाल ईट बनाये जाने व विक्रय करने की अनुमति बाबत आवेदन, वार्ड क्रमांक 02 पिकरी मानपुर निवासी गौरी राजपुत ने राष्ट्रीय राजमार्ग 30 रोड़ निर्माण पश्चात नल कनेक्शन काट दिया गया है। इस कारण पानी की समस्या दूर करने बाबत आवेदन दिया। गोपी कुटेल पिता सांवल ग्राम परसबोड़ तहसील साजा ने पीएम आवास सूची में नाम दर्ज करने आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम पंचायत नारायणपुर के सरपंच बिसाहु राम साहू ने बच्चों को नहीं पढ़ाने का आरोप लगाते हुए मिडिल स्कूल के प्रधान पाठक को हटाने की शिकायत की, ग्राम धनेली निवासी टेकराम कोशले ने रिहायसी बस्ती में नया ट्रांसफार्मर लगाने व शास.उ.मा. विद्यालय मोहरेंगा में शिक्षकों की पदस्थापना करने, ग्राम घिवरी (तह-थानखम्हरिया) के यशवंत साहू ने अवैध शराब पर रोक लगाने आ अनुरोध किया। ग्राम बहेरा थाना बेरला निवासी कन्हैया सिंह ठाकुर ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना की राशि दिलाये जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए।
जनचौपाल में अन्य प्राप्त आवेदनों में नवीन राशन कार्ड बनाने, समूह की ऋण माफी, जमीन की नकल दिलाने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिलाये जाने, स्वामी आत्मानंद स्कूल में प्रवेश के लिए, निवास प्रमाण पत्र, जमीन संबंधी रिकार्ड दुरुस्त करने, शासकीय भूमि में अतिक्रमण हटवाने, सहायता राशि प्रदान करने, आदि से संबंधित दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर आम लोगों की समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि जिन मामलों में आवेदनों का निराकरण नियमानुसार संभव नहीं है उस पर आवेदक को पृथक से लिखित रुप में सूचना भी दी जाएं। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, उप संचालक समाज कल्याण अजय गेडाम, मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. खेमराज सोनवानी, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

