जल जीवन मिशन : वर्ष 2022-23 के लिए 155643 परिवारों को घरेलू नलजल कनेक्शन प्रदाय करने का लक्ष्य
बेमेतरा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला जल व स्वच्छता मिशन की बैठक कलेक्टोरेट परिसर में कलेक्टर जितेन्द्र कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान जिलाधीश ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की निर्देशानुसार हर घर जल, हर घर नल के तहत समय पर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियांता व जिला जल व स्वच्छता समिति के सदस्य सचिव ने समिति को अवगत कराया है, कि बेमेतरा जिले को वर्ष 2021-22 के लिए 85977 व वर्ष 2022-23 के लिए 69666 कुल 155643 परिवारो को घरेलू नलजल कनेक्शन प्रदाय करने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें 209 रेट्रेफिटिंग योजना व 479 एकल ग्राम योजना से पूर्ण किया जाना है। अभी तक 209 रेट्रोफिटिंग योजना के अंतर्गत 44515 एफएचटीसी व 479 एकल ग्राम योजना के अंतर्गत 106829 एफएचटीसी की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त की जा चुकी है। प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त योजनाओं में से 209 रेट्रोफिटिंग योजना व 380 एकल ग्राम योजना की निविदा जारी की गई। तथा अभी तक 545 निविदाओं के ग्राम 206 रेट्रोफिटिंग योजना, 209 एकल ग्राम योजना में कुल 89466 एफएचटीसी के कार्यादेश जारी किये गये शेष निविदा प्रक्रियाधीन है।
सदस्य सचिव ने समिति के सदस्यों को अवगत कराया कि भारत शासन की ओर से निर्देश प्राप्त हुआ है। कि जेजेएम के फण्ड का उपयोग टेंडर प्रिमियम के लिए किया जा सकेगा। जिन योजनाओं के पुनरीक्षित लागत 25 प्रतिशत अधिक वृध्दि के अंदर है, व एसएलएससी की बैठक में अनुमोदन प्राप्त किया गया है। व जिन योजनाओं के पुनरीक्षित लागत 25 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हो रही है। उसे शीर्ष समिति से अनुमोदन प्राप्त हो।
कलेक्टर व समिति के अध्यक्ष डीडब्ल्यूएसएम की ओर से निर्देशित किया गया है कि वे ठेकेदार जिन्होंने समय पर काम किया है, उन्हें प्रोत्साहन दिया जावे व उन्हें भुगतान में प्राथमिकता दी जाएं। जो ठेकेदार समय पर कार्य नहीं कर पा रहे है। उन पर शास्ति लगाई जाएं। बैठक में जिला पंचायत सीईओ लीना कमलेश मंडावी के अलावा समिति के सदस्यों में कार्यपालन अभियंता पीएचई आशालता गुप्ता, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन सीएस शिवहरे, उप संचालक कृषि महादेव मानकर, उप संचालक जनसंपर्क छगन लाल लोन्हारे, मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. खेमराज सोनवानी, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, उप वनमंडलाअधिकारी के प्रतिनिधि माधुरी तिवारी, जिला महिला व बाल विकास अधिकारी रमाकांत चंद्राकर, अनुविभागीय अधिकारी पीएचई विप्लव घृतलहरे व ए.आर. धु्रव उपस्थित थे।

