वाह रे जनशताब्दी : आई 13 घंटे विलंब से और रवाना हुई 5 घंटे देर से
रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जनशताब्दी एक्सप्रेस के परिचालन में सुधार नहीं हो पाने के कारण अब यात्रियों को इस ट्रेन से मोह भंग होने लगा है। वहीं गुरुवार को भी यह ट्रेन 13 घंटा देरी से रायगढ़ पहुंची और पांच घंटा देर से रवाना हुई, इस दौरान जो यात्री जनशताब्दी के टिकट लिए थे उसमें ज्यादातर यात्री दूसरे ट्रेन से निकल गए, ऐसे में यह ट्रेन पूरी तरह से खाली ही यहां से रवाना हुई, ऐसे में यात्रियों के साथ-साथ रेलवे विभाग को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है।
गौरतलब हो कि रायगढ़ से गोंदिया व गोंदिया से रायगढ़ तक चलने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस का परिचालन विगत छह माह से बिगड़ा हुआ है। हालांकि पहले दो-चार घंटा देरी से रायगढ़ पहुंचती थी तो यहां से समय से रवाना हो जाती थी, जिससे बड़ी संख्या में यात्री जाते थे, लेकिन अब विगत तीन दिनों से यह ट्रेन लगातार घंटों विलंब से आ रही है, जिसके चलते दोनों तरफ से यह ट्रेन खाली ही जा रही है। अब स्थिति ऐसी हो गई है कि यात्री तो टिकट जरूर लेते हैं, लेकिन समय से नहीं आने के कारण कुछ यात्री टिकट वापस कर देते हैं तो कुछ दूसरी ट्रेन से निकल जा रहे हैं, जिससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद भी इसकी चाल में किसी प्रकार की सुधार नहीं हो पा रहा है। वहीं गुरुवार को भी जनशताब्दी एक्सप्रेस सुबह ११ बजे रायगढ़ स्टेशन पहुंची और बगैर साफ-सफाई के ही 11.40 बजे रवाना हो गई, इस दौरान इस बोगी के ट्र्रेन में यहां से मात्र 70 से 80 यात्री ही सवार हुए थे। वहीं वापसी में भी मात्र 40 से 40 यात्री ही रायगढ़ में उतरे थे। ऐसे में एक तरफ रेलवे विभाग द्वारा लाखों रुपए खर्च कर ट्रेन को चलाई जा रही है, लेकिन समय से नहीं चलने के कारण विभाग को तो नुकसान हो ही रहा है, वहीं अब यात्री भी इसमें सफर करने से कतराने लगे हैं।
पहले की अपेक्षा टिकट की संख्या हुई कम
छह माह पहले जहां जनशताब्दी एक्सप्रेस में रायगढ़ से हर दिन 300 से 400 यात्री सफर करते थे, लेकिन अब समय पर नहीं चलने के कारण हर दिन करीब 180 से 200 तक ही स्टेशन से टिकट की बिक्री हो रही है, लेकिन समय से नहीं आने के कारण इसमें से भी हर दिन ज्यादातर टिकट वापस हो जा रहे हैं, वहीं कुछ यात्री दूसरे ट्रेन से निकल जा रहे हैं, जिसके चलते इन दिनों यह ट्रेन पूरी तरह से खाली ही रवाना हो रही है।
अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
गौरतलब हो कि विगत कुछ दिनों से बिलासपुर जोन के अंदर तिसरी व चौथी लाईन के कनेक्टीबिटी के लिए ट्रेनों का परिचालन लगातार रद्द किया जा रहा था, लेकिन अब लगभग काम होने के बाद भी जो यात्री ट्रेने चल रही है, उसको किसी भी स्टेशन में 15 से 30 मिनट तक खड़ी कर दी जाती है, जिससे अपने गंतव्य तक जाते-जाते घंटों विलंब हो जा रही है, इसके बाद भी रेलवे अधिकारी यात्री ट्रेनों को समय पर चलाने कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।

