राजमार्ग की जर्जर स्थिति की शिकायत केंद्रीय मंत्री गडकरी से...
रायगढ़ (छत्तीसगढ़ दर्पण)। इन दिनों जशपुर जिले के सड़कों की जर्जर स्थिति सोशल मिडिया में जमकर वायरल हो रही है। इन सड़कों में लोग अपनी जान जोखिम में डालकर रास्तों से होकर गुजरने को मजबूर है। आए दिनों बरसात की वजह से सड़कों में बड़े बड़े गड्ढों बन जाते है। जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, एवं वाहनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इन सड़कों से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक एवं यात्री बसें सहित अन्य वाहन अन्य राज्य को जाती है। जर्जर सड़कों के कारण लगातार दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी होती है। जिससे सड़कों में तालाबनुमा गड्ढों से लोगों को आर्थिक, मानसिक और शारीरिक रूप से जूझना पड़ रहा है। वहीं जशपुर भाजयुमो के जिला महामंत्री अवधेश गुप्ता व सौरभ शर्मा ने नागपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन जयराम गडकरी से उनके कार्यालय में मुलाकात कर सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर ज्ञापन सौंपा है।
लिखित आवेदन के अनुसार कटनी से गुमला तक को जोड़ने वाली नेशनल हाईवे 43 के सड़क का कार्य रुका हुआ है। पत्थलगांव से अम्बिकापुर को जोड़ने वाली एचएच. 43 सड़क का पत्थलगांव शहर से लेकर फुलेता चौक तक जो लगभग 3 किलोमीटर की स्थिति बहुत ही जर्जर हो गई है। सड़क पर विगत 2- 3 वर्षों से बरसात के दिनों में हर 2-3 दिन में 10-10 घंटे की जाम लग रही है। साथ ही पत्थलगांव शहर से जशपुर को जोड़ने वाली एच. एच. 43 की सड़क भी पत्थलगांव शहर से लेकर पत्थलगांव शासकीय महाविद्यालय तक जिसकी दूरी लगभग 2 किलोमीटर है जो कि बहुत ही जर्जर अवस्था में है लगभग 2-3 वर्षों से बरसात के दिनों में हर दो तीन दिन बाद जाम की स्थिति बनती है।
शहर के इन दोनों मुख्य मार्गों के जर्जर स्थिति के कारण कई अप्रिय घटना घट चुकी है, और कई लोग अपने जान गवा चुके है। दोनों मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति होने के कारण पत्थलगांव शहर में आये दिन घंटो जाम लगता है। साथ ही पत्थलगांव शहर का जिला मुख्यालय जशपुर है जो कि पत्थलगांव से 113 कि.मी. पर स्थित है। सड़क के जर्जर स्थिति के कारण जिले से जुड़े किसी भी शासकीय कार्य के लिए वहां पहुंचने में 5 से 6 घंटा का समय लगता है। शहर के दोनों मुख्य मार्गों के खराब होने के कारण स्कूली बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में विलम्ब होता है जिससे उनके भविष्य खराब होने की चिन्ता बनी रहती है । साथ ही पत्थलगांव शहर से रायगढ़ की दूरी 110 कि.मी. है, इस सड़क की स्थिति की बहुत ही जर्जर है, और स्वास्थ्य से जुड़े गम्भीर मामलों में भी बड़े शहरों के अस्पतालों में पहुचना असंभव लगता है । इन सभी मसलों को लेकर यहां के ग्रामीणों में सरकारों के प्रति भारी आक्रोश है। इन तीनों मुख्य मार्गो के अलावा पत्थलगांव वासियों का अन्य कोई भी आवागमन का साधन नहीं है। लोगों की जान की सुरक्षा को देखते हुये इस सड़क का कार्य जल्द से जल्द कराने को लेकर मांग की है।
वहीं भाजयुमो जिला महामंत्री अवधेश गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आश्वाशन दिया है कि कुछ समस्याओं को वजह से सड़क का कार्य रुका हुआ था जल्द ही सड़क का कार्य तीव्रता से शुरू किया जाएगा। जिससे जर्जर सड़कों से निजात मिलेगी। फिलहाल उन्होंने सड़क के सुधारीकरण का आश्वाशन दिया है।

