कलेक्टर ने किया जल जीवन मिशन के कार्यो का निरीक्षण
कांकेर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कलेक्टर शुक्ला ने भानुप्रतापपुर के बसंत नगर नारायणपुर में जल जीवन मिशन अंतर्गत 40 किलोलीटर क्षमता के उच्चस्तरीय जलागार निर्माण तथा ग्राम कराठी में सोलर आधारित ड्यूल पंप का निरीक्षण कर ग्रामीणों को प्रदाय की जा रही पेयजल सुविधाओं की जानकारी लिया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता यशवंत कुमार गुरु व उप अभियंता गिरेन्द्र कुमार साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि बसंत नगर नारायणपुर में निर्मित उच्च स्तरीय जलागार से 476 परिवारों को पेयजल की सुविधा मिलेगी। इसी प्रकार 40 किलो लीटर क्षमता का जलागार नेहरू नगर में भी बनाया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्राम कराठी में स्थापित सोलर आधारित ड्यूल पंप का भी निरीक्षण किया तथा ग्रामीण खिलेश कुमार पद्दा व हेमलता मण्डावी से पेयजल सुविधाओं की जानकारी ली। खिलेश पद्दा ने पेयजल की सुविधा उपलब्ध होने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ज्यादा धूप होने पर नल और भी ज्यादा अच्छा चलता है। हेमलता मंडावी की ओर से स्व-सहायता समूह से जुड़कर आर्थिक आमदनी प्राप्त करने की जानकारी भी दी गई।
सफलता प्राप्त करने परिश्रम आवश्यक : कलेक्टर
कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम हाट कोंदल में स्थित हायर सेकेण्डरी स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को राजनीति विज्ञान व अंग्रेजी विषय को पढ़ाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उज्जवल भविष्य के लिए अच्छा पढ़ाई करने तथा खुश रहकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि बिना मेहनत के कुछ भी नहीं मिलता, सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम आवश्यक है। सभी विद्यार्थियों को मन लगाकर बढिय़ा पढ़ाई करने के लिए समझाईश देते हुए उन्होंने कहा कि जो भी विद्यार्थी राज्य की मेरिट सूची में अपना स्थान बनायेंगे, उन्हें हवाई जहाज से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की यात्रा कराई जाएगी। कलेक्टर डॉ. प्रियंका श ुक्ला ने भारत की पहली महिला आईपीएस अधिकारी किरणबेदी का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया तथा कहा कि स्कूल से जाने के बाद घर मे भी पढ़ाई करें।
साल्हे तालाब का निरीक्षण :
कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने भानुप्रतापपुर तहसील के ग्राम साल्हे में वन विभाग की ओर से बनाये गये तालाब का भी औचक निरीक्षण किया। ग्रामीण खिलावन आंचला व धर्मेंद्र कोर्राम ने जानकारी देते हुए बताया कि तालाब के निर्माण होने से भू-जल स्तर में वृद्धि हुई है, तालाब के निचले हिस्से में कुछ जमीन का सिंचाई भी हो जाता है तथा निस्तारी के साथ-साथ मछली पालन भी किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, एसडीएम भानुप्रतापपुर मनीष साहू और तहसीलदार भानुप्रतापपुर सुरेन्द्र उवर्शा भी मौजूद थे।

