जिला अस्पताल में अब तक 75 लोगों का मोतियाबिंद ऑपरेशन
ऑपरेशन कराने रामधर खुद से पहुंचे जिला अस्पताल
सुकमा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिला अस्पताल में 22 सितम्बर से मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जा रहा है। अब तक 75 मोतियाबिंद मरीज का ऑपरेशन किया जा चुका है। मोतियाबिंद ऑपरेशन में अंधत्व निवारण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. महादेव बारसे और अमित हलधर कार्यक्रम प्रभारी है।
ग्राम स्तर से मितानिनों के सहयोग से मोतियाबिंद मरीजों को ऑपरेशन के लिए जिला अस्पताल लाया जाता है। लेकिन आंखों की रोशनी पाने की उम्मीद लेकर गोल्लागुड़ा निवासी 55 वर्षीय रामधर दिव्यांग होते हुए भी ऑपरेशन करवाने के लिए स्वयं से जिला अस्पताल पहुंच गए। नेत्र विशेषज्ञ डॉ. अक्षय परासर की ओर से उनका मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया गया। रामधर को पिछले चार वर्षों से दोनों आंखों से कुछ दिखाई नहीं दे रहे थे। अब मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद आंखों की रोशनी पाने की उनके उम्मीद के साकार होने पर खुशी जाहिर करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

