जिले में की जाएगी अरहर, उड़द व मूंग की खरीदी
सूरजपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ शासन कृषि विकास व कल्यांण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग मंत्रालय महानदी भवन नवा रायपुर अटलनगर के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में पीएसएस के अंतर्गत अरहर, मूंग व उड़द का उपार्जन किया जाना है।
राज्य शासन की ओर से खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान योजना के तहत प्राईस सपोर्ट स्कीम अंतर्गत अरहर, उड़द व मूंग फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन के लिए दिशा-निर्देश प्रदाय किया गया है, जिसके पालन में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित (मार्कफेड) की ओर से उपार्जन का कार्य किया जाएगा। जिले में उक्त उपार्जन कार्य के लिए उप-संचालक (कृषि) के माध्यम से यूनिफाईड फार्मर पोर्टल पर कृषक पंजीयन कर मार्कफेड को प्रदाय किया जाएगा। किसानों की जानकारी (भूमि, बोई गई फसल व रकबा तथा फसल विक्रय की तिथी) का सत्यापन भू-अभिलेख से राजस्व विभाग के अमले द्वारा कराया जायेगा और सत्यापित जानकारी को ऑनलाईन अपडेट किया जाएगा।
खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के लिए औसत अच्छी गुणवत्ता के अरहर, उड़द व मूंग का समर्थन मूल्य व खरीदी अवधि निम्नानुसार घोषित है :
1. अरहर- 6600 रुपए प्रति क्विंटल (13 मार्च 2023 से 12 मई 2023)
2. उड़द - 6600 रुपए प्रति क्विंटल (17 अक्टूबर 2022 से 16 दिसम्बर 2022)
3. मूंग - 7755 रुपए प्रति क्विंटल (17 अक्टूबर 2022 से 16 दिसम्बर 2022)
सूरजपुर जिले में शासन से प्राप्त निर्देश अनुसार छ.ग. राज्य वेयर हाउस कार्पोरेशन लिमिटेड के नमदगिरी केन्द्र सूरजपुर को एक मात्र उपार्जन केन्द्र निर्धारित किया गया है, जहां उपार्जन अवधि मे उपार्जन का कार्य सप्ताह के 5 दिवस (सोमवार से शुक्रवार) किया जाएगा। खरीदी पूर्णत: ऑनलाईन माध्यम से कर किसान को कम्प्यूटराईज्ड पिं्रटेड रसीद प्रदाय की जाएगी व 3 दिवस के भीतर किसानों को डीबीटी-पीएफएमएस के माध्यम से संपूर्ण राशि का भुगतान किया जाएगा।
योजना के सुचारू संचालन के लिए राज्य स्तरीय, संभाग स्तरीय, जिला स्तरीय व उप खंड स्तरीय उपार्जन समिति का गठन किया गया है। जिला विपणन अधिकारी अजय ठाकुर से बताया की उक्त संबंध मे समस्त तैयारियां पूर्ण की जा रही है, शासन की ओर से निर्धारित अवधि मे खरीदी का कार्य संपादित किया जाएगा। किसानों को किसी प्रकार की समस्या/कठिनाई के लिए उपार्जन केन्द्र (नमदगिरी सूरजपुर) स्तर पर खरीदी प्रभारी सुभाष पटेल मो. नंबर 9516416498 व 8965980386 पर संपर्क कर सकते हैं।

