गढत हे नवा छत्तीसगढ़ : प्रदेश की आंचलिक खबरें एक नजर में
कांकेर : तालाब में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में आर्थिक सहायता स्वीकृत
राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला की ओर से सरोना तहसील के ग्राम झलियामारी निवासी 30 वर्षीय राजकुमार मंडावी की तालाब में डूबने से मृत्यु होने के प्रकरण में उनकी पत्नी नितेश्वरी मंडावी के लिए 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत किया गया है। स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान तहसीलदार सरोना के द्वारा हितग्राही के बैंक खाते में डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर के माध्यम से किया जाएगा।
कोण्डागांव : मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता रथ को दिखाई गई हरी झण्डी
10 अक्टूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आरके सिंह के निर्देशानुसार मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। जिले में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत् जिले में संचालित संवेदना कार्यक्रम अंतर्गत सोमवार को मानसिक स्वास्थ्य जिला नोडल अधिकारी डॉ दिव्या तिवारी व डीपीएम सोनल की ओर से मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता रथ को रवाना किया गया।
धमतरी : नशावृत्ति पर अंकुश लगाना जरूरी : कलेक्टर
जिले में नशावृत्ति पर अंकुश लगाने आज कलेक्टर पी.एस. एल्मा ने सख्त निर्देश आबकारी, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, औषधि और प्रशासन विभाग को दिए हैं। उन्होंने कहा कि नशे की प्रवृत्ति अपराधों को बढ़ावा देती है। अत: जरूरी है कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाए और आवश्यक कार्रवाई भी की जाए। आज सुबह 11 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ली गई समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने उक्त निर्देश दिए हैं।
धमतरी : सितम्बर माह में सेवानिवृत हुए अधिकारी-कर्मचारी किए गए सम्मानित
जिले में सितम्बर माह में सेवानिवृत हुए पांच अधिकारी-कर्मचारियों का आज समय सीमा की बैठक में कलेक्टर पी.एस. एल्मा की ओर से शॉल, श्रीफल और पौध देकर सम्मानित किया गया। वहीं सभी सेवानिवृत अधिकारी-कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सफल, सुखद और स्वस्थ्य जीवन जीने अपनी शुभकामनाएं कलेक्टर ने दी।
कोण्डागांव : औचक निरीक्षण में दर्जनों कर्मचारी स्कूल से मिले अनुपस्थित
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल के निर्देशानुसार संकुल केन्द्र हसलनार व संकुल केन्द्र हंगवा का गत दिवस सहायक जिला परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा कंवलसाय मरकाम व खंड शिक्षा अधिकारी शंकरलाल मंडावी विकासखंड कोण्डागांव के द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्कूलों के शिक्षक, शिक्षिका व भृत्य अनुपस्थित मिले।
अम्बिकापुर : उम्दा प्रदर्शन कर संवारें अपना भविष्य और रोशन करें अपने क्षेत्र का नाम : डॉ प्रीतम राम
22वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ मंगलवार 11 अक्टूबर को स्थानीय शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बिकापुर के प्रागंण में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीजीएमएससी के अध्यक्ष व लुण्ड्रा विधायक डॉ प्रीतम राम तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों की ओर से द्वीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया गया व ध्वजारोहण किया गया।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : समर्थन मूल्य पर आगामी 1 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
राज्य सरकार की ओर से खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में आगामी 1 नवंबर से किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू किया जाएगा। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण अभियान में जिले के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

