पिकअप-ट्रक की भिड़ंत में दोनों ड्राइवरों की मौत...
सूरजपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। जिले के खड़गवां चौकी अंतर्गत महानदी के टर्निंग के पास दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब एक कोयले से लदी ट्रक और एक पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं ट्रक चालाक ने अस्पताल में दम तोड़ा।
प्राप्त जानकर के अनुसार भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बैजनाथपुर निवासी सूरज पनिका पिता सुखदेव पनिका 23 वर्ष महान-टू कोल माइंस से कोल परिवहन में लगे एक ट्रक का चालक था। वह शनिवार की सुबह ड्यूटी करने गया था। रात करीब 9 बजे ट्रक क्रमांक सीजी 12 बीसी 2585 में महान-टू माइंस से कोयला लोड कर भटगांव जाने निकला था।
इधर ग्राम बोझा निवासी 25 वर्षीय नितेश मिश्रा पिकअप क्रमांक यूपी 64 एपी 9570 में अंबिकापुर से टमाटर लोड कर बनारस जाने निकला था। रास्ते में प्रतापपुर थाना क्षेत्र के खड़गवां चौकी अंतर्गत महानदी के टर्निंग के पास दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। दोनों वाहन काफी तेज रफ्तार में थे।
दुर्घटना में पिकअप चालक नितेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ट्रक चालक सूरज पनिका गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर भिजवाया। यहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

