तेज रफ्तार हाईवा ने पैदल यात्री को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत
भिलाई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार हाईवा ने युवक को कुचल दिया। युवक सड़क पर पैदल चल रहा था। तभी हाईवा ने चपेट में ले लिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। दुर्घटना के बाद ड्राइवर कृष्ण कुमार हाईवा छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी चालक भाग क़र सीधे जामुल थाने पहुंचा। पुलिस दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी पहुंचाया।
जामुल थाना प्रभारी ने बताया कि कृष्ण कुमार (27 साल) निवासी देवरझाल नंदिनी हाईवा चलाता है। सीजी 04 एमडी 5008 में पत्थर लोड करके नंदिनी पथरिया रोड से होते हुए एसीसी जामुल की तरफ आ रहा था। दोपहर 1 बजे के करीब वह जैसे ही बोगदा के पास पहुंचा, अचानक युवक हाईवा के सामने आ गया। इससे ड्राइवर ब्रेक नहीं लगा पाया और उसे चढ़ाते हुए निकल गया।
जामुल पुलिस ने कहा है कि मृतक का शरीर बुरी तरह कुचल गया था। उसके कपड़ों की तलाशी लेने पर कोई पहचान नहीं मिली। बताया जा रहा है कि युवक भट्ठी से निकला था। इसलिए पुलिस ने वहां भी पूछताछ की, लेकिन कोई भी उसकी पहचान नहीं बता पाया। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी हुई है।

