कोंडागांव में निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर रोग जांच व परामर्श शिविर 1 दिसंबर को
कोंडागांव (छत्तीसगढ़ दर्पण)। कोंडागांव जिला गैर-संचारी रोग इकाई के तत्वाधान में 1 दिसम्बर को जिला अस्पताल में नि:शुल्क सर्वाइकल कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसमें एम्स रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी टीम के साथ कैंसर के संभावित मरीजों की जांच करेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वस्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. आर.के.सिंह ने बताया, “निःशुल्क कैंसर रोग जांच एवं परामर्श शिविर के दौरान चिकित्सकों द्वारा मुख्य रूप से सर्वाइकल (गर्भाशय) कैंसर मरीजों की जांच की जाएगी। चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद संभावित मरीजों का गहनतापूर्वक निरीक्षण करते हुए कैंसर होने के कारणों, लक्षणों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही अन्य कैंसर से ग्रस्त मरीजों को कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया जाएगा।“
इस सम्बन्ध में जिला कार्यक्रम प्रबन्धक भावना महलवार ने बताया: "ऐसी महिलाएं जिनके योनि में खुजली,जलन,सफेद पानी, रक्त स्त्राव, यौन सम्बन्ध बनाने में परेशानी, गर्भाशय ग्रीवा की समस्या हो तो, वह जिला अस्पताल में आयोजित निःशुल्क जांच शिविर के माध्यम अपनी जांच कराकर लाभ उठा सकती हैं।"
उन्होंने आगे बताया: "शरीर में जब कोशिकाएं असामान्य और अनियंत्रित हो कर विभाजित होने लगती हैं तो यह स्थिति कैंसर संभावित हो सकती है। कैंसर के सामान्य लक्षण के रूप में वजन की कमी, अत्यधिक थकान, फोड़ा या गांठ, अनियमित स्त्राव का होना,हड्डियों में दर्द, खांसी एवं मुंह से खून का आना, स्तन में सूजन आदि हो सकता है।समय पर इलाज कराने मात्र से कैंसर जैसी भयंकर बीमारी से भी निजात पायी जा सकती हैं।"
गर्भाशय कैंसर के सामान्य लक्षण
रजोनिवृत्ति के पश्चात रक्त स्राव।
यौन संबंध के पश्चात रक्त स्राव ।
अनियमित माहवारी रक्तस्राव ।
योनि में खोजली होना, योनि से बदबू आना, योनि से रक्त मिश्रित सफेद पानी का रिसाव।
पीठ दर्द ,पेट के निचले भाग में दर्द।
असामान्य रिसाव।

