आरोपी तो आप भी हैं दाऊजी : डॉ. रमन सिंह
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भानुप्रतापपुर विधानसभा चुनाव से पहले सियासत तेज हो गई है। आरोप-प्रत्यारोप का दौर चरम पर है। इस बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ ब्रम्हानंद नेताम की फोटो को ट्वीट करते हुए इसे देश के प्रधानमंत्री का अपमान बताया है। इस पर पलटवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, आरोपी तो आप भी हैं दाऊजी....।
दरअसल मुख्यमंत्री बघेल ने ट्वीट कर कहा कि- बलात्कार के आरोपी की तस्वीर के साथ प्रधानमंत्री की तस्वीर लगाकर भाजपा उनका अपमान कर रही है। हमारे प्रधानमंत्री का अपमान देश नहीं सहेगा। भाजपा के खिलाफ वोट कर प्रधानमंत्री पद की गरिमा को बचाएँ। इस पर पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कहा, आरोपी तो आप भी हैं दाऊजी, आपके खिलाफ अश्लील सीडी लहराने का आरोप है आपको गिरफ़्तार भी किया, गया उसके बाद भी आपकी फोटो सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ क्यों छप रहे हैं। यदि आपको प्रधानमंत्री के सम्मान की चिंता है तो पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान के खिलाफ इस्तीफे की मांग करनी चाहिए। दो तरफ़ा बात नहीं होनी चाहिए।

