स्वास्थ्य संचालक भीम सिंह ने मातृ एवं शिशु अस्पताल का किया निरीक्षण
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। स्वास्थ्य सेवाओं के संचालक भीम सिंह ने राजधानी के कालीबाड़ी स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का भ्रमण कर मरीजों को ज्यादा सुविधाएं उपलब्ध कराने, बेहतर साफ-सफाई और व्यवस्था में कसावट लाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने एसएनसीयू में वेंटिलेटर्स की संख्या बढ़ाने को कहा। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. पी.के. गुप्ता, जिला अस्पताल के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. एस.के.भंडारी और मातृ एवं शिशु अस्पताल की प्रभारी डॉ. निर्मला यादव मौजूद थीं।
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बुजुर्गों के लिए विशेष काउंटर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पहली बार एएनसी चेकअप के लिए आई गर्भवती महिलाओं के दूसरे चेकअप और उसके बाद के फॉलो-अप चेकअप के लिए कॉल-सुविधा की व्यवस्था बनाने कहा। उन्होंने मरीजों को पैथोलॉजी जांच की रिपोर्ट जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिए जिससे उनके इलाज में देरी न हो।

