रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राजधानी की शाम तेज बारिश के नाम रही। बुधवार की शाम तेज गरज और चमक के साथ बदरा जमकर बरसे। इसके चलते लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली तो वहीं कई इलाकों में जलभराव सहित बिजली की समस्या का लोगों ने सामना किया।
बुधवार सुबह तक मौसम में भारी उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा था। लेकिन शाम होते ही मौसम ने अंगड़ाई ली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इस दौरान जमकर बिजली भी चमकी। तेज बारिश ने जहां लोगों को उमस-गर्मी से राहत दी, तो वहीं राजधानी की निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति भी निर्मित हो गई। नालियों में जमकर उफान रहा और सड़कें लबालब रहीं। वहीँ कई इलाकों में बिजली की भी समस्या आई। तेज गरज और चमक के चलते कई इलाकों में बिजली चली गई। तेज बारिश के चलते यातायात भी कुछ समय के लिए थम गया। जिसे जहां जगह मिली, उसने शरण ली। सडकों पर पानी भर जाने से दोपहिया सहित चारपहिया वाहनों को भी खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा। बारिश कम होते ही सडकों पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई।