छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी, बढ़ेगा तापमान

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नौतपा के पहले ही प्रचंड गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। हल्के बादलों के बाद भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर है।

इतना ही नहीं मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान में बढ़ोतरी की संंभावना जताई है। इसी बीच रायपुर में आज का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

हालांकि सोमवार को प्रदेश के कई स्‍थानों में द्रोणिका का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के एक-दो स्‍थानों पर हल्‍की बारिश के साथ गरज चमक के साथ छींटे पड़ने और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है। यानी नौतपा के दौरान भीषण गर्मी रह सकती है। प्रचंड गर्मी वाला नौतपा 25 मई से शुरू होने वाला है। यह दो जून तक रहेगा।

मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार इस दौरान प्रचंड गर्मी पड़ने की संभावना है। हालांकि यह स्थिति उत्तर छत्तीसगढ़ में रहेगी। दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान में विशेष बदलाव की संभावना कम जताई गई है।

दोपहर में हुई बूंदाबांदी सुबह से तेज धूप के बीच असहनीय गर्मी थी। दोपहर में आसमान में हल्के बादल छा गए। शाम होने से पहले यही बादल हल्की बूंदाबांदी करा गया। हालांकि इसका प्रभाव वातावरण पर नहीं पड़ा। 42 डिग्री के साथ तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image