छत्तीसगढ़ में तपती गर्मी से मिलेगी राहत, बदलेगा मौसम
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज आने वाले दो दिनों में बदलेगा। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी और दक्षिण छत्तीसगढ़ में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी।
तापमान में गिरावट आने से गर्मी से थोड़ी राहत के आसार है।
मंगलवार को भी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट रही, लेकिन उमस में बढ़ोतरी रही। मंगलवार को प्रदेश में एडब्ल्यूएस महासमुंद और राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं के चलते सुबह से तपिश बढ़ने लगी है, जो दोपहर होते-होते तो और ज्यादा बढ़ जाती है। मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस प्रकार अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ ही अंधड़ चलने व हल्की वर्षा के आसार है।

