छत्तीसगढ़

मानसून की रफ्तार धीमी, जून में और बढ़ सकती है गर्मी

रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला है और रायपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे है,लेकिन उमस में बढ़ोतरी हो गई है।


मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।

इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा के भी आसार है। मंगलवार को प्रदेश भर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान रायगढ़ में रहा,एडब्ल्यूएस रायगढ़ में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भले ही तापमान में थोड़ी गिरावट है, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर की तपिश और ज्यादा बढ़ गई है। मंगलवार को दोपहर बाद हालांकि बादल छाने से थोड़ी राहत मिली।

रायपुर का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियसदर्ज किया गया,जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे रहा और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की रफ्तार अभी भी थोड़ी धीमी बनी हुई है, ऐसे में अगले माह जून में गर्मी में और बढ़ोतरी हो सकती है। इससे पहले वर्ष 1998 में भी ऐसा ही हुआ था,जब मानसून देर से आया था और जून में गर्मी बढ़ गई थी।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image