नवविवाहितों ने ली मतदान करने की शपथ
बुधवार को धमतरी शहरी-ग्रामीण एकीकृत बाल विकास परियोजना द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत स्थानीय विंध्यवासिनी मंदिर के पास सामुदायिक भवन में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां 18 जोड़ों की शादी कराई गई। नोडल अधिकारी स्वीप एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशानुसार राजस्व अनुविभागीय अधिकारी विभोर अग्रवाल के निर्देशन में राजस्व एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों की उपस्थिति में इस विवाह में शपथ दिलाई गई , मतदान के महत्व तथा मतदान के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद नायब तहसीलदार ने नवविवाहितों से अपील की कि सभी लोग इस महान लोकतांत्रिक पर्व में सहभागी बने और अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। इस कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ दूल्हा और दुल्हन के परिवार के सदस्य और रिश्तेदार भी शामिल हुए।

