मोर मितान योजना का ग्रामीण मॉडल, ग्रामीणों को घर बैठे मिलेगा आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र
बिलासपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र जैसे जरूरी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए ग्रामीणों को अब तहसील कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राजस्व अमला मोर मितान योजना की तर्ज पर जरूरत मंद लोगों के घर-घर पहुंचकर प्रमाणपत्र बनाने के लिए जरूरी कागजात व आवेदन एकत्र करेगी। लोकसेवा केन्द्रों में आॅनलाइन दर्ज कराएगी। प्रमाण पत्र तैयार हो जाने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में इसका वितरण गांव में ही किया जाएगा। ग्रामीणों के लिए एक बहुत बड़ी जरूरत के काम को सरल व सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर सौरभ कुमार ने एक विस्तृत कार्य- योजना तैयार की है। राजस्व अधिकारियों के साथ आज लम्बी बैठक लेकर सोमवार तक ग्रामवार दौरे का रोस्टर प्रस्तुत करने को कहा है। अभियान की शुरुआत 13 जुलाई से होगी।

