कलेक्टर ने किया सराधुनवागांव के गौठान का निरीक्षण
महिला स्व-सहायता समूह को अच्छा कार्य करने कलेक्टर ने दी समझाइश
कांकेर (छत्तीसगढ दर्पण)। चारामा विकासखंड के ग्राम पंचायत सराधुनवागांव के गौठान में गोबर से पेंट बनाने की तैयारी की जा रही है, जिसके लिए भवन का निर्माण किया गया है तथा मशीन खरीदी के आदेश जारी कर दिये गये हैं। कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने आज गौठान का निरीक्षण किया तथा वहां संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली व उनका अवलोकन किया।
इस गौठान में दिव्य ज्योति व ऊॅ नम: शिवाय महिला स्व-सहायता समूह के सदस्यों की ओर से गोबर से वर्मी कम्पोस्ट बनाने के अलावा मुर्गी पालन, बकरी पालन, बटेर पालन के साथ-साथ साग-सब्जी उत्पादन का कार्य भी किया जा रहा है, जिसका निरीक्षण कलेक्टर द्वारा किया गया। स्व-सहायता समूह के सदस्य नैना धनकर ने कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला को जानकारी देते हुए बताया कि गौठान में तैयार 582 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय से स्व-सहायता समूह को 01 लाख 68 हजार रुपए की आमदनी हुई है। इसी प्रकार सब्जी विक्रय से 45 हजार रुपए, मुर्गी विक्रय से 80 हजार रुपए तथा अंडा विक्रय से 05 हजार रुपए और बटेर विक्रय से 17 हजार 800 रुपए की आमदनी हुई है। शीघ्र ही गौठान में भिंडी, करेला, मिर्च की खेती प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने बताया कि मुर्गी पालन से प्रतिदिन लगभग 200 से 250 अंडा प्राप्त हो रहे हैं, जिसे आंगनबाड़ी केन्द्रों व छात्रावासों में वितरण किया जा रहा है। कलेक्टर ने उन्हें अपने बच्चों को भी अंडा खिलाने की समझाईष दी। निरीक्षण के दौरान चारामा के एसडीएम सी.एल. ओंटी, जनपद सीईओ जी.एस. बढ़ई, तहसीलदार एच.एल. नायक, गौठान समिति के अध्यक्ष सरजू प्रसाद नरेटी और ग्राम पंचायत के सरपंच रूखम सिंह उईके भी मौजूद थे।

