क्राइम पेट्रोल

रायगढ़ में लावारिस नाव से एके-47 समेत भारी मात्रा में कारतूस बरामद...

 मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक संदिग्ध नाव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। इस नाव में भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। सूत्रों के अनुसार दो संदिग्ध नाव लावारिस मिली हैं। इनमें से एक में ये हथियार मिले हैं। इन नावों में कौन सवार होकर आया और ये कहां से आई, इन बातों की पड़ताल में सुरक्षा एजेंसियां जुटी हैं। रायगढ़ व आसपास के इलाकों में हाईअलर्ट जारी किया गया है। नाव में एके-47 राइफल और भारी संख्या में कारतूस मिलने की खबर है।

स्थानीय पुलिस के मुताबिक, एक नाव हरिहरेश्वर बीच पर मिली है। उसके अलावा भरदखोल में एक लाइफ बोट मिली है। हालांकि, इन पर कोई मौजूद नहीं था। कोस्ट गार्ड और महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड को तुरंत जानकारी दे दी गई है। पुलिस सभी जरूरी कदम उठा रही है। पुलिस ने नाव को अपने कब्जे में ले लिया है। यह नाव समुद्र के किनारे मिली है। पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। जहां पर ये नाव मिली है, वह जगह मुंबई से 200 किमी और पुणे से 170 किमी दूर है।

रायगढ़ के एसपी अशोक धुधे ने हरिहरेश्वर तट पर नाव में AK-47 मिलने की पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने अभी तक और कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि अभी जांच जारी है। हालांकि, सूत्रों ने बताया है कि नाव ऑस्ट्रेलियन है। इस पर कुछ लोग सवार थे। हालांकि, इन लोगों ने कोस्ट गार्ड को हरिहरेश्वर तट पर आने की भी सूचना नहीं दी।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image