माना बस्ती में युवक की चाक़ू मारकर हत्या, आक्रोशित भीड़ ने किया चक्का जाम...
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। राजधानी के माना बस्ती में सोमवार सुबह युवक की चाक़ू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और जाम खुलवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह माना बस्ती से अभनपुर पहुंच मार्ग में विवाद के दौरान माना बस्ती निवासी विजेंद्र मार्कण्डेय उर्फ लल्ला पर अज्ञात आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि वर्चस्व की लडाई के चलते चाकूबाजी की घटना हुई है। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। हमले के बाद युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक के मौत की खबर मिलते ही माना बस्ती के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर राष्ट्रीय मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। माना थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी आरोपी माना से बाहर के बताए गए हैं।

