सामान के पैसे मांगने पर युवकों ने नाबालिग को मारी गोली, हुई मौत...
बिलासपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। बिलासपुर के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के मानिकचौरी में रविवार देर रात दो युवकों ने एक 17 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आए परिजनों से भी मार-पीट की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मानिकचौरी निवासी मंगतूराम अजय 43 वर्ष घर में ही किराना दुकान चलाता है। घर में उसकी पत्नी सरोजनी 39 वर्ष, अनिश अजय 17 वर्ष और नेहा अजय 12वर्ष रहते हैं। रविवार की रात करीब साढ़े 8 बजे मंगतूराम घर में खाना खा रहा था। तभी गांव के ही दो युवक भूपेंद्र पोर्ते और नंदकिशोर साहू गुटखा लेने पहुंचे। आवाज देने पर मंगतूराम ने अपने लड़के अनिश को गुटखा देने के लिए बोला। गुटखा देने के बाद पैसे देने के बजाए दोनों युवक किशोर पर रौब झाड़ने लगे और फिर झगड़ा शुरू हो गया। जिसके बाद अनिश के माता-पिता बाहर आए और उन दोनों ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उनसे भी मारपीट किया। जिसके बाद आरोपियों ने अपने पास रखे कट्टा से अनिश पर फायरिंग कर दी और भाग निकले। जिससे अनिश को गोली लगी और उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर पतासाजी कर रही है।

