ईडी की बड़ी कार्रवाई : मनी लॉन्ड्रिंग के केस में आईएएस विश्नोई समेत 3 गिरफ्तार...
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2009 बैच के रेगुलर रिक्रूट्ड आईएएस समीर विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया है। उनके अलावे दो कोयला कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में की गई है।
पिछले तीन दिनों से जारी ईडी की कार्रवाई के बीच जांच टीम ने आईएएस अफसर समीर विश्नोई सहित दो कोयला व्यापारियों को गिरफ्तार किया है। तीनों को ईडी ने पूछताछ के लिए बुधवार को बुलाया था। कोयला व्यापारियों में सूर्यकांत तिवारी के चाचा लक्ष्मीकांत तिवारी और अनूप अग्रवाल शामिल हैं।
इस बीच रायगढ़ कलेक्टर रानू साहू लौट आई हैं। ईडी उनसे और उनके पति व माइनिंग डायरेक्टर जेपी मौर्या से पूछताछ कर रही है। यह भी खबर आ रही है कि रानू साहू की मौजूदगी में आज कलेक्टर बंगले की जांच की जाएगी। ज्ञातव्य है, आईएएस रानू साहू, जेपी मौर्य, समीर विश्नोई, पूर्व विधायक अग्नि चंद्राकर समेत शराब-कोल कारोबारियों के डेढ़ दर्जन ठिकानों पर जांच चल रही है।

