गोदाम में हमाल की लटकती हुई मिली लाश
धमतरी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। नागरिक आपूर्ति निगम के गोदाम नंबर-7 में कार्यरत हमाल की फांसी के फंदे पर लटकती हुई लाश मिली है। गले में चोट के निशान की वजह से 3 लोगों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार शिवलाल मरकाम 35 वर्ष पिता मंगल राम ग्राम कौहाबाहरा थाना दुगली धमतरी के नागरिक आपूर्ति निगम चावल गोदाम नंबर-7 में हमाल के रूप में कार्यरत है। मंगलवार की दोपहर 30 से 35 हमाल भोजन अवकाश के समय एकत्रित हुए।
शिवलाल नहीं दिखा तो उसके मोबाइल पर फोन लगाया गया। मोबाइल पर रिंगटोन के आधार पर जब देखा तो ऊपर लोहे के एंगल में लटकता हुआ दिखाई दिया। तत्काल उसे उतारकर जिला अस्पताल लाया गया जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के गले में चोट के निशान होने की वजह से तीन डॉक्टरों की टीम डॉ राजेश सूर्यवंशी, डॉ रचना पदमवार, डॉ गरिमा शर्मा पोस्टमार्टम करेंगे। बुधवार दोपहर तक पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था। प्रथम दृष्टया में आत्महत्या प्रतीत हो रहा है।

