क्राइम पेट्रोल

डेढ़ किलो सोना, 13 लाख की नगदी जब्त : धनतेरस के ठीक पहले पुलिस की बड़ी कार्यवाई...कहां रुका था कारोबारी, कैसे हुआ गिरफ्तार ....पढ़ें पूरी खबर

 अंबिकापुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। छत्तीसगढ़ की सरगुजा पुलिस ने शुक्रवार को 1 करोड़ 15 लाख रुपए का सोना जब्त किया है। आरोपी के पास से 13 लाख से से ज्यादा की नगदी भी जब्त किए गए हैं। एएसपी विवेक शुक्ला ने बताया कि कुल 1 किलो 667 ग्राम 860 मिलीग्राम सोने के जेवर जब्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आज मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध काले रंग के बैग में अवैध सोना रखा हुआ है। संदिग्ध रूम नंबर 106 कंचन होटल सदर बाजार रोड अंबिकापुर में रुका हुआ है। पुलिस ने इसकी जानकारी आला अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। 

एएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल के रूम नंबर- 106 को खुलवाया, जहां एक व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम विष्णु कुमार तासावर (42 वर्ष) बताया। उसके पास रखे काले रंग के बैग की जब तलाशी ली गई, तो उसमें से सोने के गहने और नगद बरामद हुआ। पुलिस को आरोपी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद सभी गहनों और कैश को जब्त कर लिया गया। आरोपी पश्चिम बंगाल के कोलकाता के नेताजी सुभाष रोड हावड़ा का रहने वाला है।  सोने के गहनों की जब जांच करवाई गई, तो वो 1 किलो 667 ग्राम 860 मिलीग्राम पाया गया, वहीं 13 लाख 7,600 नगद भी पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी विष्णु कुमार तासावर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। 

Leave Your Comment

Click to reload image