गिरफ्त में 'गुनहगार': मोरबी हादसे के बाद एक्शन में पुलिस; ओरेवा कंपनी के मैनेजर सहित 9 गिरफ्तार
नईदिल्ली/गांधीनगर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। गुजरात के मोरबी में केबल पुल टूटने से हुए दर्दनाक हादसे में अब तक 140 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। राहत और बचाव कार्य अब भी जारी है। हादसे के बाद पुलिस का एक्शन भी शुरू हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक मामले में पुलिस ने अब तक ओरेवा कंपनी के मैनेजर सहित 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। शुरुआत में चार गिरफ्तारी की खबर थी और पांच लोगों से पूछताछ की जा रही थी। हालांकि पूछताछ के बाद उन पांचों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। राजकोट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अशोक यादव ने बताया कि हमने IPC की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में ओरेवा कंपनी के मैनेजर और टिकट क्लर्क शामिल हैं।
राजकोट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अशोक यादव ने बताया कि पुलिस ने केबल पुल के रखरखाव और संचालन का काम देखने वाली एजेंसियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में एक प्राथमिकी दर्ज की है. IPC की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या की सजा) और 308 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
‘बी’ डिवीजन के पुलिस निरीक्षक प्रकाश देकीवाडिया द्वारा दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि मोरबी शहर में मच्छु नदी पर बना पुल लगभग आठ महीने से उपयोग में नहीं था, क्योंकि स्थानीय प्रशासन ने इसके रखरखाव के लिए एक ‘निजी एजेंसी’ को काम सौंपा था।

