पिस्टल ले कर घूम रहा था युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार...
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रायपुर की डीडी नगर थाना पुलिस ने लोगों को पिस्टल दिखाकर आतंकित करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा का है।
दरअसल एण्टी क्राईम एवं साईबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना डी.डी.नगर क्षेत्रांतर्गत बाजार चौक, चंगोरा भाठा के पास एक व्यक्ति अपने पास पिस्टल रखा है, और जाने वालो लोगो को डरा-धमका रहा है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध अभिषेक माहेश्वरी द्वारा प्रभारी एण्टी क्राईम एवं साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी डी.डी.नगर को आरोपी को पिस्टल के साथ रंगे हाथ पकड़ने निर्देशित किया गया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम आचिन्त दुबे उर्फ कल्लू निवासी जबलपुर, मध्य प्रदेश का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा आचित दुबे की तलाशी लेने पर उसके पास पिस्टल रखा होना पाया। पूछताछ में आरोपी द्वारा पिस्टल को जबलपुर, मध्यप्रदेश से लाना बताया गया है। जिस पर आरोपी आचिन्त दुबे को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध रूप से रखे 1 पिस्टल जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना डी.डी.नगर में अपराध क्रमांक 565/22 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी
आचित दुबे स्व. शिव कुमार दुबे उम 32 साल निवासी ड्रीम लैण्ड सिटी दमो नाका के पास थाना मड़ोतल जिला जबलपुर मध्य प्रदेश।

