ठगी के पैसों से उड़ा रहा था मौज, पुलिस के कराई जेल की सैर...
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ठगी के पैसों से मौज उड़ाने वाले शख्स को पुलिस ने जेल की सैर करा दी। दरससल सरकारी विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर आरोपी ने लाखों रूपए ठग लिए, और उन्ही पैसों से गोवा में मौज उड़ा रहा था। शिकायत के बाद रायपुर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शांति नगर निवासी सुरेंद्र हरपाल(45) ने पुलिस से शिकायत की थी। उसने अपनी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात विपिन कुमार अग्रवाल(28) से हुई थी। उस वक्त विपिन ने कहा था कि मेरी शिक्षा विभाग में अच्छी पहचान है। मैं तुम्हारी नौकरी रायपुर के ही जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में लगवा दूंगा।
ये सुनने के बाद सुरेंद्र उसकी बातों में आ गया। इसके बाद सुरेंद्र ने विपिन से संपर्क किया। तब विपिन ने बताया कि कि आपका काम हो जाएगा। और उसने सुरेंद्र से 11 लाख रुपए मांग लिए। सुरेंद्र ने भी अलग-अलग किश्त में विपिन के खाते में 11 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। लेकिन काफी दिन बीत जान के बाद भी नौकरी के लिए किसी ने संपर्क नहीं किया। ये सब कुछ सितंबर महीने में हुआ था। विपिन भी बात नहीं कर रहा था।
इसके बाद सुरेंद्र को एहसास हुआ कि उससे ठगी हो गई है। जिसके बाद उसने कुछ दिन पहले पुलिस से शिकायत की। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत ठगी का केस दर्ज किया था। सायबर पुलिस ने आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया, तब पता चला कि वह गोवा में है।
इस पर एक टीम को गोवा भेजा गया। जिसके बाद पुलिस ने गोवा से ही आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ठगी के पैसे उसने गोवा घूमने और खाने पीने में खर्च कर दिए हैं। आरोपी मुख्य रूप से जशपुर जिले के बागीचा का रहने वाला था। मगर कुछ समय से वह रायपुर में ही रहा था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

