भिक्षा मांगने की आड़ में घूम-घूमकर चोरी, 2 महिला समेत 4 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। भिक्षा मांगने की आड़ में घूम-घूमकर चोरी करने वाले 2 महिला समेत 4 अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के संबंध में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके बाद घटना में संलिप्त सुंदरगढ़ ओडिसा निवासी राहुल मल्हार को पकड़ा गया। पूछताछ में गैंग का पर्दाफाश हुआ।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी लखपति सिंदूर ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि वह सुंदर विहार टीचर्स कालोनी कोटा में रहता है। 20 नवंबर को उसके घर के आलमारी में रखे 80 हजार रुपए एवं पेन कार्ड, आधार कार्ड, ड्रायविंग लाईसेंस व गाड़ियों का आरसी बुक, बैंक चेक बुक चोरी हो गया। वारदात की जानकारी 21 नवंबर को हुआ। आलमारी में सामान नहीं मिलने पर सीसीटीवी फुटेज देखा, इसमें नकदी एवं दस्तावेजों को कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दिये। इस रिपोर्ट पर सरस्वती नगर थाना में अपराध दर्ज किया गया।
घटना को एसएसपी प्रशांत अग्रवाल द्वारा गंभीरता से लेते हुये अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। जिस पर थाना सरस्वती नगर पुलिस की टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ कर आस पास के लोगों से भी पूछताछ कर अज्ञात आरोपी के संबंध में पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल व उसके आसपास लगे सीसीसीटीवी कैमरों के फुटेजों का अवलोकन करने के साथ ही प्रकरण में मुखबिर लगाये गये। टीम के सदस्यों द्वारा हाल ही में रिहा हुए चोरी के आरोपियों के संबंध में भी पतासाजी कर उनकी गतिविधियों पर सतत् निगाह रखी जा रही थी। इसी दौरान टीम के सदस्यों को मुखबिर से आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। टीम के सदस्यों द्वारा घटना में संलिप्त सुंदरगढ़ ओडिसा निवासी राहुल मल्हार को पकड़ा गया।
आरोपी राहुल मल्हार को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपनी पत्नी अंजू मल्हार एवं साथी रूपा मल्हार के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा पतासाजी कर अंजू मल्हार एवं रूपा मल्हार को पकड़ा गया। इसी दौरान महिलाओं के साथ एक अन्य व्यक्ति उदय मल्हार जो रूपा मल्हार का पति है को भी पकड़कर तलाशी लिया, उसके पास 1 सोने की अंगूठी, 1 जोड़ी चांदी का पायल होना पाया गया। जिस संबंध में उदय मल्हार से कड़ाई से पूछताछ करने पर चांदी का पायल एवं सोने के अंगूठी को चोरी का होना बताया गया।

