खुद को कलेक्टर बताकर ठगी करने वाला गिरफ्तार
कवर्धा (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ठगी के मामले में जिला पुलिस ने उत्तरप्रदेश से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वह सरपंचों को कॉल कर खुद को कलेक्टर होना बताते हुए निर्माण कार्यों की स्वीकृति के लिए ऑनलाइन पैसों की मांग करता था।
पुलिस के मुताबिक दिनेश पिता जगमोहन अजगल्ले (36) धाधुपुरा ताजगंज जिला झांसी (उप्र) का रहने वाला है। 20 नवंबर को ग्रापं जुनवानी जंगल के सरपंच चंद्र नारायण साहू ने थाने आकर शिकायत की थी। बताया कि उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया था और आरोपी खुद को कलेक्टर होना बताकर निर्माण कार्यों की स्वीकृति के एवज में ऑनलाइन पैसे की मांग कर रहा था। पुलिस ने मोबाइल नंबर के लोकेशन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 2 नग मोबाइल जब्त किया गया है।

