क्राइम पेट्रोल

दिलजले आशिक ने नाबालिग गर्लफ्रेंड को उतारा मौत के घाट, गिरफ्तार

भिलाई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। रामनवमी के दिन जंवारा विसर्जन के लिए शीतला तालाब सुपेला गई दो बहनों पर एक बदमाश ने चाकू से वार कर दिया। दोनों बहनें नाबालिग हैं।

घटना में बड़ी बहन के सीने पर चाकू पड़ने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी छोटी बहन को एक बार चाकू पड़ने के बाद वो तालाब में कूद गई और उसकी जान बच गई।

 

दरअसल, आरोपी और मृतका के बीच प्रेम प्रसंग था, लेकिन दो महीने पहले आरोपी चोरी के मामले में जेल गया था। इसी दौरान उसकी गर्लफ्रेंड का किसी और से चक्कर शुरू हो गया था।

 

आरोपी ने उसे किसी और लड़के के साथ घूमते देख भी लिया था और इस बात को सहन नहीं कर सका। जिसके बाद उसने अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी और उसे बचाने के लिए आई उसकी छोटी बहन को भी चाकू मार दिया। घटना के बाद जांच में जुटी सुपेला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

 

जानकारी के अनुसार उक्त घटना गुरुवार की दोपहर करीब तीन बजे हुई। इंदिरा नगर सुपेला निवासी आरोपित महेश यादव (20) ने दुर्गा सुपेला निवासी सुमन साहू (15) और उसकी छोटी बहन सरिता साहू (14) को चाकू मार दिया।दोनों बहने जंवारा विसर्जन देखने के लिए शीतला तालाब सुपेला गई हुई थी।

 

 

वे दोनों तालाब के बीच में रैंप पर खड़ी होकर कार्यक्रम देख रही थी। इसी दौरान आरोपी चाकू लेकर वहां पर पहुंचा और सुमन साहू के सीने पर जोरदार वार किया। चाकू घोंपने के बाद वो गिरी और उसका गर्दन रैंप के दीवार से टकराई और उसकी मौके पर मौत हो गई।

 

ये देखकर उसकी छोटी बहन सरिता साहू बीच बचाव करने के लिए पहुंची तो आरोपी ने उसके भी पेट में चाकू घोंप दिया, लेकिन वो रैंप के ऊपर से तालाब में कूद गई। जिससे उसकी जान बच गई।

 

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और सुपेला के शासकीय कन्या विद्यालय परिसर में शराब पीकर वहीं पर बैठा हुआ था। पतासाजी के दौरान पुलिस ने आरोपी को वहीं से गिरफ्तार किया।

 

पुलिस ने बताया कि दो महीने पहले ही पुलिस ने आरोपी महेश यादव और उसके चार साथियों को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। दो सप्ताह पहले ही वो जेल से छूटा था।


दो सप्ताह पहले जब आरोपी जेल से छूटा तो वो सुमन साहू से मिला था। उस समय सुमन ने बोल दिया था कि उसके अपराध करने के कारण उससे संबंध खत्म कर लिया है। फिर भी आरोपी उसके पीछे पड़ा रहा।

 

करीब 10 दिन पहले आरोपी को जानकारी हुई कि सुमन का किसी और लड़के से प्रेम संबंध हो गया है। उसने सुमन को उस लड़के के साथ घूमते हुए भी देख लिया था।

 

ये देखने के बाद वो काफी ज्यादा आक्रोशित हो गया था और उसे मारने की योजना बना ली थी। उसने तीन दिन पहले चाकू खरीदा था।

उसे पता था कि सुमन हर बार जंवारा विसर्जन में शीतला तालाब आती है। वो तालाब के पास ही बैठकर उसका इंतजार कर रहा था। जैसे ही उसे मौका मिला, उसने सुमन की चाकू मारकर हत्या कर दी। बचाने की कोशिश करने पर आरोपी ने उसकी छोटी बहन सरिता को भी चाकू मार दिया था।

सीएसपी भिलाई नगर निखिल राखेचा ने बताया कि आरोपी महेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका और आरोपी के बीच में प्रेम प्रसंग था। मृतका का किसी और लड़के से अफेयर शुरू हो गया था।

 

आरोपी इस बात को बर्दाश्त नहीं कर सका और उसने ये वारदात कर दी। आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या का प्रयास की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave Your Comment

Click to reload image