12वीं जीव विज्ञान अथवा गणित विषय से उत्तीर्ण विद्यार्थी कर सकते हैं आवेदन
रायपुर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर के नाक, कान, गला रोग विभाग (ईएनटी) के अंतर्गत संचालित बैचलर ऑफ ऑडियोलॉजी एंड स्पीच लैंग्वेज पैथोलॉजी (बी. ए. एस. एल. पी.) पाठ्यक्रम 2022 में प्रवेश लेने के लिए आवेदन पत्र वेबसाईट रायपुर बीएसएलपी डॉट ओ आर जी/https://raipurbaslp.org/ में उपलब्ध है। प्रवेश संबंधित नियम, आवेदन प्रारूप एवं अन्य जानकारी हेतु इच्छुक छात्र-छात्रायें उल्लेखित वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं। वेबसाइट में उपलब्ध फार्म को डाउनलोड करके एवं भरकर डिमांड ड्राफ्ट के साथ ईएनटी डिपार्टमेंट, कक्ष क्रमांक 244, सेकंड फ्लोर, डाॅ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर, छत्तीसगढ़ के पते पर भेजा जा सकता है। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र को स्पीड पोस्ट/रजिस्टर्ड पोस्ट/ सामान्य डाक द्वारा जमा करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त 2022 है। आवेदकगण लेट फीस के साथ 22 अगस्त तक फार्म जमा कर सकते हैं। मेरिट लिस्ट जारी करने की तिथि 27 अगस्त है। मेरिट लिस्ट के प्रकाशन पश्चात् 03 सितंबर तक दावा आपत्ति किये जा सकते हैं। प्रवेश हेतु काउंसलिंग की प्रक्रिया सोमवार 7 सितंबर को प्रारंभ होगी। भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए दूरभाष क्रमांक 07712890137 पर कार्यालयीन समय में सम्पर्क किया जा सकता है।
यह चार वर्ष का पैरामेडिकल कोर्स है। इस पाठ्यक्रम को भारतीय पुनर्वास परिषद (आरसीआई) से मान्यता प्राप्त है। यह एक रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम है जिसमें बारहवीं जीव विज्ञान अथवा गणित विषय से उत्तीर्ण होने के बाद प्रवेश लिया जा सकता है। बैचलर ऑफ ऑडियोलॉजी एंड स्पीच लैंग्वेज पैथोलॉजी की पढ़ाई करने के बाद शासकीय, गैर शासकीय अथवा निजी अस्पतालों, बाल विकास केन्द्रों, पुनर्वास केन्द्रों पर आवश्यकतानुसार सेवा एवं रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकते हैं।