शिक्षा मंत्री ने इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया के साथ शिक्षा और कौशल में सहयोग को मजबूत करने का आह्वान किया
नई दिल्ली (छत्तीसगढ़ दर्पण)। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया के साथ शिक्षा और कौशल के क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने का आह्वान किया है। श्री प्रधान ने बाली में इंडोनेशिया के शिक्षा मंत्री नदीम अनवर मकरीम के साथ बैठक की। दोनों नेताओं ने शैक्षिक और कौशल विकास साझेदारी के विस्तार पर सार्थक चर्चा की। उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की पूर्ण क्षमता का लाभ उठाने का भी आह्वान किया। दोनों नेताओं ने शिक्षा और कौशल विशेष रूप से पाठ्यक्रम डिजाइन, एक दूसरे के विद्यार्थियों का परस्पर संपर्क और अनुसंधान के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर भी बल दिया।
श्री प्रधान ने ऑस्ट्रेलिया की शिशु शिक्षा और युवा कार्य मंत्री डॉक्टर एनी अली के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने शिशु और स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग प्रगाढ़ करने पर सार्थक चर्चा की। शिक्षा मंत्री ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच उच्च शिक्षा, अनुसंधान और कौशल विकास के क्षेत्र में मजबूत सहयोग है।

