ग्वालियर (छत्तीसगढ़ दर्पण)। ग्वालियर में एक बुजुर्ग शिक्षक अपने ही स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ छेड़खानी करता था। बुजुर्ग शिक्षक 6 साल से 8 साल तक की छात्राओं के साथ गंदी बात करता था। छात्राओं ने जब इस बात की जानकारी अपने परिजनों को दी तो शिक्षक के खिलाफ थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके साथ ही कलेक्टर ने शिक्षक को नौकरी से बर्खास्त भी कर दिया।
पिंटू पार्क इलाके का रहने वाला है आरोपी शिक्षक
पिंटू पार्क इलाके में रहने वाला मुंशीलाल माहौर उटीला में शासकीय प्राथमिक स्कूल में 2 दिन पहले तक शिक्षक था लेकिन मुंशीलाल की हरकतों की वजह से उसकी नौकरी चली गई। उटीला के प्राथमिक स्कूल में 58 साल के शिक्षक मुंशीलाल ने अपने ही स्कूल की छोटी-छोटी बच्चियों के साथ छेड़खानी की।
कभी कक्षा के दौरान तो कभी दूसरे कमरे में ले जाकर की छेड़खानी
शिक्षक मुंशीलाल माहौर पर आरोप है कि शिक्षक ने कभी चलती कक्षा के दौरान छात्राओं के साथ छेड़खानी की तो कभी दूसरे कमरे में ले जाकर छात्राओं के साथ छेड़खानी की। बताया जा रहा है कि तकरीबन चार से पांच छात्राओं के साथ शिक्षक मुंशी लाल छेड़खानी करता था। बच्चियां इतनी छोटी थीं कि वह विरोध भी नहीं कर पाती थीं और मुंशीलाल उन्हें डरा धमका देता था।
कांग्रेस अध्यक्ष बनते ही मल्लिकार्जुन खड़गे हुए भावुक, सोनिया गांधी ने क्या कहा ?
गुमसुम रहने लगी बच्चियां तो परिजनों ने की बच्चियों से बात
जिन बच्चियों के साथ शिक्षक मुंशीलाल माहौर छेड़खानी कर रहा था। वह गुमसुम रहने लगीं। घरवाले अपनी बेटियों को गुमसुम देख कर परेशान हो गए। बच्चियां स्कूल आने से भी घबराने लगीं तो घरवालों को शंका हुई। उन्होंने अपनी बच्चियों से डर की वजह पूछी तो बच्चियों ने अपने परिजनों को सब कुछ बता दिया। जिसके बाद परिजनों ने उटीला थाने पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई।
मामला दर्ज हुआ और नौकरी भी चली गई
मुंशीलाल पर उटीला थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई इसके साथ ही पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक मुंशीलाल माहौल को भी गिरफ्तार कर लिया। मुंशीलाल माहौर की हरकत की जानकारी जब ग्वालियर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह को मिली तो उन्होंने तत्काल प्रभाव से मुंशीलाल माहौर को नौकरी से बर्खास्त कर दिया।