Love You ! जिंदगी

'अगले साल ऑस्कर में जानी चाहिए...' कंगना रनौत को बेहद पसंद आई 'कांतारा', बोली ये बात

 

मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। Kangana Ranut praise Kantara: कन्नड़ फिल्म 'कांतारा' अपने जबरदस्त प्रदर्शन के साथ खूब सुर्खियों में है। इस कड़ी में बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत भी इस फिल्म की तारीफ करती नहीं थक रही हैं। कंगना का कहना है कि कांतारा एक ऐसी फिल्म है, जो सभी लोगों को देखनी चाहिए। कंगना को फिल्म इतनी पसंद आई कि एक्ट्रेस ने कहा कि अगले साल ऑस्कर में भारत की तरफ से इस फिल्म को एंट्री मिलनी चाहिए। कंगना ने कहा कि कांतारा एक ऐसी फिल्म है, जो दुनिया को देखनी चाहिए।

इंस्टाग्राम पर फिल्म कांतारा के बारे में लिखते हुए कंगना रनौत ने कहा कि मुझे लगता है कि कांतारा को अगले साल ऑस्कर में एंट्री मिलनी चाहिए। मुझे पता है कि साल अभी खत्म नहीं हुआ है और बेहतर फिल्में आ सकती हैं लेकिन भारत को विश्व स्तर पर प्रतिनिधित्व की जरूरत है। कांतारा एक वास्तविकता है, जिसका अनुभव दुनिया को करना चाहिए।

बताते चलें कि गुरुवार को फिल्म देखने के बाद कंगना ने वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है कि मैं अभी-अभी परिवार के साथ 'कांतारा' देखकर आई हूं।

कंगना ने आगे कहा कि परंपरा, लोककथाओं और स्वदेशी मुद्दों का कितना बढ़िया मिश्रण है। इतनी खूबसूरत फोटोग्राफी और एक्शन है। यही सिनेमा है। मैंने थिएटर में इतने सारे लोगों को ये कहते हुए सुना कि उन्होंने ऐसा कभी नहीं देखा था। इस फिल्म के लिए धन्यवाद। मुझे नहीं लगता कि मैं एक और हफ्ते तक इस एक्सपीरियंस से उबर पाऊंगी।

कांतारा फिल्म 30 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसे बढ़िया रिस्पॉन्स मिला था, जिसके बाद तेलुगू, हिंदी, तमिल और मलयालम में भी इस फिल्म को रिलीज किया गया था।

Leave Your Comment

Click to reload image