मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। Jacqueline Fernandez महाठग सुकेश चंद्रशेखर पर 200 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगा है। जिसकी वजह से वह इस वक्त दिल्ली के तिहाड़ जेल में हैं। सुकेश चंद्रशेखर की वजह से मशहूर एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ईडी लगातार उनसे कड़ी पूछताछ कर रही है। इस बीच सुकेश ने एक खत के जरिए एक्ट्रेस का बचाव करते हुए ये सफाई दी थी कि वह बिल्कुल निर्दोष हैं। अब सुकेश के खत पर जैकलीन के वकील का भी रिएक्शन सामने आया है।
सुकेश चंद्रशेखर ने वकील को लिखी थी चिट्ठी
हाल ही में सुकेश चंद्रशेखर ने जेल में अपने वकील को एक खत लिखा था। जिसमें उन्होंने जैकलीन फर्नांडिस को निर्दोष बताया। खत में उन्होंने बताया कि, 200 करोड़ ठगी के मामले में जैकलीन फर्नांडिस का कोई लेना देना नहीं है। इसके अलावा उन्होंने करोड़ों के दिए महंगे गिफ्ट्स को लेकर भी खुलासा किया। उन्होंने इस लेटर में बताया कि जितने भी जैकलीन को महंगे तोहफे दिए वो सिर्फ रिलेशनशिप में रहने के तौर पर दिए। अब इसी को लेकर जैकलीन के वकील का बयान सामने आया है।
खत पर जैकलीन के वकील ने दिया बयान
जैकलीन के वकील प्रशांत पाटिल ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि, "अगर यह सुकेश चंद्रशेखर द्वारा लिखा गया है, तो उनके द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से, स्वतंत्र रूप से और निष्पक्ष रूप से ईडी द्वारा जांच की जानी चाहिए। उनका कानून के तहत बयान दर्ज किया जा सकता है और सच्चाई का पता लगाने के लिए जांच की जा सकती है।"
'मैं दोहराता हूं, कि जैकलीन पूरी तरह से निर्दोष हैं'
वकील ने आगे कहा कि, जैकलीन निर्दोष हैं, और 'कानून की उचित प्रक्रिया का पालन करके अपनी गरिमा के लिए लड़ेंगी। किसी भी जांच का उद्देश्य सच्चाई का पता लगाना होता है। मैं दोहराता हूं, कि जैकलीन पूरी तरह से निर्दोष हैं और वह निम्नलिखित का पालन करके अपनी गरिमा के लिए लड़ेगी।"
सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन को बताया था निर्दोष
सुकेश चंद्रशेखर ने अपने खत में लिखा, 'मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैकलीन फर्नांडिस और उनके परिवार वालों को जबरदस्ती घसीटा जा रहा है उनका इसमें कोई हाथ नहीं है। उन्होंने अपने खत में इस बात का दावा किया कि वह जल्द ही इस बात को कोर्ट में साबित करेंगे और इसमें एक्ट्रेस की कोई भी गलती नहीं है।"
ईडी ने जैकलीन पर लगाए गंभीर आरोप
आपको बता दें कि, हाल ही में ईडी ने सुकेश से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैकलीन फर्नांडिस की जमानत याचिका का विरोध किया था। एजेंसी ने कहा था कि अभिनेत्री ने कभी भी जांच में सहयोग नहीं किया और सबूतों के सामने आने पर ही खुलासा किया। ईडी ने ये भी आरोप लगाया था कि एक्ट्रेस ने देश छोड़ कर विदेश जाने की कोशिश की थी।
जैकलीन फर्नांडिस का वर्कफ्रंट
वहीं जैकलीन फर्नांडिस के वर्कफ्रंट की बात करें तो, हाल ही में उन्हें अक्षय कुमार की फिल्म राम सेतु में देखा गया। जो कि दिवाली के अगले दिन 25 अक्टूबर 2022 को रिलीज हुई थी। फिल्म में अक्षय कुमार और जैकलीन के अलावा नुसरत भरूचा भी मुख्य किरदार में नजर आईं। फिल्म को फैंस द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है।