Love You ! जिंदगी

मशहूर अभिनेत्री तबस्सुम का निधन

 मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। सदाबहार अभिनेत्री तबस्सुम का निधन हो गया है। वह बतौर चाइल्ड एक्ट्रेस और सेलिब्रिटी टॉक शो होस्ट के तौर पर काफी फेमस हुई थी। वह 78 वर्ष की थी। उनके बेटे होशान गोविल ने निधन की पुष्टि की है। उनके निधन से पूरे परिवार और उनके फैंस को सदमा लगा है।


तबस्सुम के निधन की पुष्टि बेटे होशान गोविल ने की है। होशान गोविल ने कहा, 'मां का बीती रात 8:40 पर निधन हो गया। उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था। वह अस्पताल में भर्ती थी लेकिन वह नहीं बच पाई। वह बहुत स्वस्थ थी। हमने अपने शो के लिए 10 दिन पहले ही शूट किया है और हम अगले सप्ताह दोबारा शूट करने वाले थे। इस बीच यह घटना घट गई।' शनिवार को उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है।

1947 में बतौर चाइल्ड एक्टर काम करना शुरू किया था
गौरतलब है कि तबस्सुम ने 1947 में बतौर चाइल्ड एक्टर काम करना शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने दूरदर्शन पर आने वाले सेलिब्रिटी टॉक शो फूल खिले हैं गुलशन-गुलशन को होस्ट किया। इस शो को वह 1972 से लेकर 1993 तक होस्ट करती रही। तबस्सुम ने अपना फिल्मी डेब्यू बतौर चाइल्ड एक्टर नरगिस के साथ किया था। इसके बाद वह मेरा सुहाग, मझदार और बड़ी बहन जैसी फिल्मों में नजर आई। उनकी आखिरी फिल्म अपीयरेंस 1990 में आई फिल्म स्वर्ग में थी।

तबस्सुम को पिछले वर्ष कोरोना हो गया था
तबस्सुम को पिछले वर्ष कोरोना हो गया था। हालांकि वह इससे ठीक हो गई थी। वह 10 दिन अस्पताल में भी थी। तब उनके निधन की अफवाह भी उड़ी थी। जिसका उनके बेटे ने खंडन करते हुए कहा था कि वह ठीक है। तब बेटे ने वक्तव्य जारी करते हुए कहा था, 'जो लोग मेरी मां के निधन की झूठी खबर फैला रहे हैं, मुझे उनसे नफरत हो रही है। उन्हें अल्जाइमर की खबर भी गलत है। उन्हें कोई दिल का दौरा नहीं पड़ा है और ना ही उन्हें डायबिटीज है।' तबस्सुम का जन्म मुंबई में हुआ था। उनके पिता का नाम अयोध्यानाथ सचदेव था व उनकी माता का नाम असगरी बेगम था। तबस्सुम का विवाह रामायण में प्रभु श्रीराम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल के भाई विजय गोविल से हुआ था।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image