Love You ! जिंदगी

केआरके की लिस्ट में अजय देवगन हैं दूसरे सुपरस्टार, लिस्ट में पहले नंबर पर शामिल है ये एक्टर

 

मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। KRK Hails Ajay Devgn: हाल ही में अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 2' रिलीज हुई है। एक्टर की फिल्म का फैंस को बड़ी ही बेसब्री से इंतजार था। ऐसे में फिल्म आने के बाद एक्टर दर्शकों की वाहवाही भी खूब लूट रहे हैं। हाल ही में फिल्म क्रिटिक कमाल आर खान उर्फ केआरके ने भी अजय देवगन को रेटिंग दी है। केआरके ने अजय देवगन को दूसरा बड़ा सुपरस्टार बताते हुए ट्वीट किया है। हमेशा सेलेब्स पर तंज कसने वाले केआरके ने इस बार अजय देवगन की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि अजय देवगन ऑडियंस को थिएटर्स तक खींच लाने में कामयाब रहे हैं।

अजय देवगन की तारीफ में ट्वीट करते हुए केआरके ने कहा कि मेरे लिए अजय देवगन बॉलीवुड के दूसरे बड़े सुपरस्टार हैं। अगर वे दृश्यम 2 जैसी ड्राय फिल्म देखने के लिए दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकते हैं। वे पान मसाला का भी प्रचार कर रहे हैं। मतलब बायकॉट बॉलीवुड सिर्फ एक ड्रामा है और ऐसा ड्रामा अजय को रोक नहीं सकता। नंबर1 सुपर स्टार अभी भी कार्तिक आर्यन हैं।

अपने ट्वीट में केआरके ने अक्षय कुमार को तीसरे स्थान पर रखा और कहा कि एक वक्त था, जब तीनों खान टॉप पर थे। लेकिन वक्त किसी का नहीं है। एक दिन पहले ही केआरके ने एक और ट्वीट कर कहा कि आखिरकार 3 सालों के बाद अजय देवगन ने मुझे हरा दिया है। फिल्म दृश्यम से मेरी भविष्यवाणी गलत हो गई है। इसका मतलब है कि मेरे पास अभी भी फिल्म इंडस्ट्री का 99 प्रतिशत सटीक रिकॉर्ड है।

अजय देवगन की फिल्म दृश्यम 2 की बात करें, तो फिल्म ने साबित कर दिया है कि ये इस साल की सुपरहिट फिल्मों की सूची में शामिल होगी। फिल्म ने दूसरे दिन यानी शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर खूब धमाल मचाया। दूसरे दिन फिल्म की कमाई में 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई। ब्रह्मास्त्र के बाद दृश्यम साल की दूसरी ऐसी हिंदी फिल्म बनी, जिसने रिलीज के दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर 20 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया।

Leave Your Comment

Click to reload image