Love You ! जिंदगी

53वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव गोवा में शुरू

 नई दिल्ली (वीएनएस)। 53वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-इफ्फी 20 नवंबर 2022 को गोवा में भव्‍य उद्घाटन समारोह के साथ शुरू हुआ। पणजी में डॉक्‍टर श्‍यामा प्रसाद मुखर्जी इन्‍डोर स्‍टेडियम में उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। एशिया के सर्वाधिक पुराने फिल्‍म महोत्‍सव इफ्फी की शुरूआत में आस्ट्रिया के निदेशक डैटर बर्नर की फिल्‍म अल्‍मा और ऑस्‍कर दिखायी गयी। अभिनेता चिरंजीवी को इंडियन फिल्‍म पर्सनाल्‍टी ऑफ द ईयर 2022 चुना गया। अभिनेता चिरंजीवी ने लगभग चार दशक के अपने करियर में 150 से अधिक फिल्‍मों में काम किया है।

सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने उद्घाटन समारोह में कहा कि फिल्‍म महोत्‍सव दुनियाभर के फिल्‍म निर्माता और निर्देशकों को एक मंच प्रदान करता है। उन्‍होंने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि भारत फिल्‍म निर्माण और तकनीक के क्षेत्र में वैश्विक केन्‍द्र बनेगा। फिल्‍म जगत से अजय देवगन, परेश रावल, मनोज वाजपेई, सुनील शेट्टी, मृणाल ठाकुर, वरूण धवन, सारा अली खान और कार्तिक आर्यन उद्घाटन समारोह में उपस्थित थे।

 

गोवा के राज्‍यपाल पी. एस श्रीधरन, मुख्‍यमंत्री प्रमोद सावंत, केन्‍द्रीय सूचना और प्रसारण राज्‍य मंत्री एल मुरूगन इस अवसर पर मौजूद थे।  आजादी का अमृत महोत्सव समारोह को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम का विषय था- पिछले 100 वर्षों में भारतीय सिनेमा का विकास।  नौ दिन के महोत्‍सव में 79 देशों की 280 फिल्‍में दिखाई जायेंगी। भारतीय पैनोरमा खंड में 25 फीचर और 20 गैर फीचर फिल्‍में दिखाई जायेंगी। अन्‍तरराष्‍ट्रीय कार्यक्रम के खंड में 183 फिल्‍मों का प्रदर्शन किया जायेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image