मेगास्टार चिरंजीवी को मिला इंडियन फिल्म पर्सनैलिटी पुरस्कार
पणजी (छत्तीसगढ़ दर्पण)। टॉलीवुड के मेगास्टार और पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित कोनिदेला शिव शंकर वरा प्रसाद, जिन्हें लोकप्रिय रूप से चिरंजीवी के नाम से जाना जाता है, उन्हें गोवा में भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के 53वें संस्करण के समापन समारोह में 2022 का इंडियन फिल्म पर्सनैलिटी पुरस्कार प्रदान किया गया। इस सम्मान के लिए इफ्फी, भारत सरकार और प्रधानमंत्री को धन्यवाद देने के अलावा चिरंजीवी ने अपने माता-पिता और तेलुगु फिल्म उद्योग के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, मैं हमेशा अपने माता-पिता का आभारी रहूंगा जिन्होंने मुझे कोनिदेला शिव शंकर वरा प्रसाद के रूप में जन्म दिया और तेलुगु फिल्म उद्योग का भी, जिसने मुझे चिरंजीवी के रूप में पुनर्जन्म दिया। मैं इस उद्योग के प्रति आजीवन ऋणी हूं।चार दशकों से ज्यादा के एक शानदार फिल्मी करियर में, चिरंजीवी ने तेलुगु में 150 से ज्यादा फीचर फिल्मों के साथ-साथ हिंदी, तमिल और कन्नड़ की कुछ फिल्मों में अभिनय किया है।

