अभिनेत्री वैभवी उपाध्याय की सड़क दुर्घटना में मौत
मुंबई (छत्तीसगढ़ दर्पण)। टीवी सीरियल 'साराभाई वर्सेज साराभाई' की अभिनेत्री वैभवी उपाध्याय की कार दुर्घटना में मौत हो गई। वहीं उनके मंगेतर की जान बच गई। अभिनेत्री की मौत की खबर से टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
वैभवी सोमवार को वो अपने मंगेतर जय सुरेश गांधी के साथ फॉर्च्यूनर गाड़ी में घूमने निकली थीं। उसी दौरान तीर्थन घाटी के पास सिधवा में उनकी गाड़ी ने अचानक कंट्रोल खो दिया। इसके बाद गाड़ी सड़क से करीब 50 फुट नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने जब गाड़ी में वैभवी को देखा तो तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हालांकि, अभिनेत्री के मंगेतर की जान बच गई। उन्हें हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने जय सुरेश गांधी को गाड़ी बाहर निकाला। उन्हें इलाज के लिए बंजार अस्पताल में भेजा गया।
वैभवी उपाध्याय को बड़ी पहचान सीरियल 'साराभाई वर्सेज साराभाई' से मिली थी। इस शो में उनके किरदार का नाम जैस्मिन था। इसके अलावा ने 'क्या कसूर है अमला का' में भी दिखाई दीं थी। उन्हें वेब सीरीज में भी देखा गया। टीवी शोज के अलावा वैभवी ने दीपिका पादुकोण की फिल्म छपाक में भी काम किया था।